भोपालः बालक के सिर में लगी गोली, उपचार के दौरान मौत

भोपालः बालक के सिर में लगी गोली, उपचार के दौरान मौत
देर रात अचेत मिला था मासूम, पिता के पास आने वाले बाहरी युवकों पर पुलिस का संदेह
भोपाल, यशभारत। राजधानी के गौतम नगर थाना क्षेत्र के जेपी नगर में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात 11 वर्षीय एक छात्र की बालकनी में सिर में गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बच्चे को खून से लथपथ हालत में अस्पताल पहुँचाया, जहां शनिवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान इब्राहिम (11) पुत्र रिजवान लाला के रूप में हुई है। इब्राहिम तीसरी कक्षा का छात्र था और उसके पिता बिल्डिंग मटेरियल सप्लाई का कारोबार करते हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 1:50 बजे जब परिजनों ने इब्राहिम को देखा, तो वह बालकनी में अचेत पड़ा था और चारों तरफ खून बिखरा हुआ था। आनन-फानन में उसे कमला नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार सुबह करीब 11 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाहरी युवकों का आना-जाना बना संदिग्ध
गौतम नगर टीआई महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि शुरुआती जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस को पता चला है कि रिजवान लाला के घर पर देर रात तक बाहरी युवकों का आना-जाना लगा रहता था। कई लोग उनसे मिलने और मेलजोल के लिए वहां बैठते थे। पुलिस अब इस एंगल पर भी जांच कर रही है कि क्या गोली इन्हीं में से किसी के द्वारा दुर्घटनावश चली या यह किसी रंजिश का परिणाम है।
एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य
शनिवार सुबह एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआएना किया। बालकनी में फैले खून के धब्बे और गोली लगने की दिशा से साक्ष्य जुटाए गए हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किस हथियार से चली है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे यह साफ हो सके कि गोली कितनी दूरी से मारी गई।
इलाके में दहशत, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
घनी आबादी वाले जेपी नगर इलाके में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि रात के समय घर के आसपास दिखने वाले संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों या घटना के पीछे के असल कारणों का खुलासा कर दिया जाएगा।







