
बांग्लादेश में चुनाव खत्म पर हिंसा जारी, फूंका तारिक रहमान का पार्टी कार्यालय
निर्दलीय समर्थक की हत्या
बांग्लादेश का चुनाव भले ही खत्म हो गया है लेकिन वहां राजनैतिक हिंसा का दौर अब भी जारी है. यहां एक निर्दलीय समर्थक की हत्या कर दी गई जबकि रूपगंज में तारिक रहमान की पार्टी बीएनपी का कार्यालय ही आग के हवाले कर दिया गया.
बांग्लादेश में 13वें राष्ट्रीय चुनाव संपन्न होने के बाद भी हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. अलग-अलग जिलों से पोस्ट-इलेक्शन हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं. शुक्रवार शाम से शनिवार रात तक 5 जिलों में हुई झड़पों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग घायल हो गए. मृतक की पहचान 29 वर्षीय उस्मान सरदार के रूप में हुई है. वह बागेरहाट-2 सीट से बीएनपी के बागी हुए निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थक थे और बागेरहाट सदर उपजिला के पारोनोवापारा गांव के निवासी थे. ये अकेली हिंसा की घटना नहीं है, इसके अलावा भी चुनावी हिंसा की घटनाएं लगातार जारी है. नारायणगंज जिले में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के कार्यालय को ही फूंक दिया. ये घटना तब हुई है, जब बीएनपी इस चुनाव में बंपर जीत हासिल करके अपनी सरकार बनाने जा रही है. इस जीत ने कहीं खुशी तो कहीं गुस्से को भी उकसाया है.
निर्दलीय के समर्थक की हत्या
मृतक उस्मान सरदार के परिजनों के मुताबिक शुक्रवार शाम कचुआ और सदर उपजिलाओं की सीमा पर स्थित चिताबाड़ी गांव में बीएनपी के आधिकारिक उम्मीदवार बैरिस्टर शेख मोहम्मद जाकिर हुसैन और बागी उम्मीदवार एमएएच सलीम के समर्थकों के बीच झड़प हो गई. इसी दौरान उस्मान के सिर पर धारदार हथियार से हमला किया गया. उन्हें पहले बागेरहाट सदर अस्पताल और बाद में खुलना मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार सुबह करीब 11 बजकर 30 मिनट पर उनकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. हालांकि बीएनपी के स्थानीय नेताओं ने आरोपों से इनकार करते हुए इसे निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थकों के बीच आंतरिक विवाद बताया है.







