प्रधानमंत्री से ‘परीक्षा पर चर्चा’ में नजर आए शहर के आयुष
पीएम ने छात्रों को पढ़ाई और समय प्रबंधन से जुड़े उपयोगी टिप्स दिए

जबलपुर,यशभारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणादायी पहल “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम का नवां संस्करण मंगलवार को देशभर में एक साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण सभी विद्यालयों में किया गया, जिसे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साह के साथ देखा। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, तनावमुक्त रहकर अध्ययन करने और आत्मविश्वास बनाए रखने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को जीवन का उत्सव मानकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने जानकारी दी कि परीक्षा पे चर्चा का यह संस्करण 19 से 23 जनवरी 2026 तक दिल्ली में आयोजित हुआ, जिसमें देश के 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें से केवल 12 विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री से प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिला। यह पहली बार था जब प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर विद्यार्थियों से संवाद किया। मध्यप्रदेश से जबलपुर जिले के छात्र आयुष तिवारी, कक्षा 11वीं, पं. लज्जा शंकर झा उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, का चयन इस विशेष संवाद के लिए हुआ। वे अपनी संरक्षक शिक्षिका डॉ. भारती मालपानी के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों से नाश्ते पर संवाद किया और उन्हें असमी गमछा पहनाकर सम्मानित किया।
जिले का मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम शासकीय मॉडल स्कूल में आयोजित किया गया, जिसमें केंट विधायक अशोक रोहाणी मुख्य अतिथि रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में माध्यमिक शिक्षा मंडल के उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव एवं भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। कार्यक्रम के पश्चात विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि “परीक्षा पे चर्चा जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के मन से परीक्षा का भय और तनाव दूर करते हैं, जिससे उनका प्रदर्शन बेहतर होता है।”
श्रीनिवास राव ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताया, वहीं अखिलेश जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री से संवाद करने वाले छात्र आयुष तिवारी का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में एडीपीसी गौतम बर्बे, डीपीसी योगेश शर्मा, प्राचार्य उपमा गुप्ता, विधि प्रभारी कृष्णकांत शर्मा सहित शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री से पूछा यह सवाल
कार्यक्रम के दौरान आयुष तिवारी ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि पढ़ाई के दौरान कई बार छात्र शिक्षक की गति के साथ तालमेल नहीं बैठा पाते और रिवीजन नहीं कर पाते हैं। ऐसे में क्या किया जाए कि रिवीजन भी होता रहे और परीक्षा की तैयारी भी अच्छी तरह चलती रहे। इस पर प्रधानमंत्री ने छात्रों को पढ़ाई और समय प्रबंधन से जुड़े उपयोगी टिप्स दिए। आयुष ने कहा कि प्रधानमंत्री से मिलना उनके लिए बेहद खुशी और गर्व का क्षण रहा।







