तनवी द ग्रेट देखने पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव, साथ में अनुपम खेर भी, बोले- यह रियल लाइफ की कहानी, भोपाल में फिल्म की खास स्क्रीनिंग

भोपाल , यशभारत। डीबी मॉल स्थित सिनेप्लेक्स में अभिनेता अनुपम खेर ने मंगलवार शाम अपनी नई फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट के प्रमोशन स्पेशल स्क्रीनिंग रखी जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी शामिल हुए। स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म की लीड एक्ट्रेस शुभांगी दत्त भी मौजूद रहीं। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिनेप्लेक्स के कर्मचारियों से बातचीत की और उनके कामकाज की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने थिएटर में फिल्म देखी और पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह की कहानियां समाज के लिए प्रेरणादायक होती हैं और ऐसी फिल्मों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। अनुपम खेर ने कहा, “हमें बॉलीवुड का नहीं पता, हमने रियल लाइफ पर फिल्म बनाई है। यह एक ऑटिस्टिक बच्ची की जिद, संघर्ष और आत्मबल की कहानी है। यह फिल्म दिखाती है कि मजबूत इरादों से कुछ भी संभव है। युवाओं को इससे प्रेरणा मिलेगी।’तन्वी द ग्रेट 18 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म सिर्फ एक बच्ची की कहानी नहीं, बल्कि परिवार, सेना और सपनों से जुड़ी संवेदनशील यात्रा है। फिल्म की कहानी दिल्ली से उत्तराखंड के लैंस डाउन तक फैली है, जहां तन्वी अपनी मां के विदेश जाने के बाद अपने दादा कर्नल रैना (अनुपम खेर) के साथ रहने लगती है।
शुरुआत में कर्नल रैना और तन्वी के बीच तालमेल नहीं बनता, लेकिन धीरे-धीरे वह बच्ची उनके जीवन का केंद्र बन जाती है। कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है जब तन्वी अपने शहीद पिता (करण टैकर) का वीडियो देखती है, जिसमें वह कहते हैं कि उनका सपना था। एक दिन उनकी बेटी सेना में शामिल होकर सियाचिन में तिरंगे को सलाम करे।









