मंत्री लखन पटेल से छीना गया पशुपालन विभाग, सीएम ने अपने पास रखा प्रभार
हटने के बाद बढ़ीं अटकलें, अब किसे मिलेगी जिम्मेदारी?

भोपाल,यशभारत। मध्य प्रदेश सरकार ने देर रात जारी अधिसूचना में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए पशुपालन मंत्री लखन पटेल से पशुपालन विभाग वापस ले लिया है। अब उनके पास केवल आनंद विभाग का प्रभार रहेगा। वहीं पशुपालन विभाग का अतिरिक्त प्रभार फिलहाल मुख्यमंत्री ने अपने पास रखा है।
सरकार ने विभाग में बदलाव का आदेश तो जारी कर दिया है, लेकिन इसके पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की गई है। इस संबंध में सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान भी सामने नहीं आया है। ऐसे में राजनीतिक हलकों में इस फैसले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
विभाग वापस लिए जाने पर मंत्री लखन पटेल ने कहा कि विभागों का आवंटन मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि पशुपालन विभाग उनसे क्यों वापस लिया गया। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री का अधिकार बताते हुए फैसले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार किया।
अब राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर उत्सुकता बनी हुई है कि पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी किस मंत्री को सौंपी जाएगी और क्या यह फैसला मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल का संकेत है।







