सरकारी जमीनों पर मछली परिवार के कब्जों को प्रशासन ने हटाया – 20 जेसीबी और 200 जवानों का पुलिस बल ने की कार्रवाई
सरकारी जमीनों पर मछली परिवार के कब्जों को प्रशासन ने हटाया
– 20 जेसीबी और 200 जवानों का पुलिस बल ने की कार्रवाई

भोपाल यशभारत। ड्रग्स तस्करी के मामले के आरोपी यासीन मछली के रसूख आगे प्रशासनिक अमला बेबस था। हालात यह थी कि कई एकड़ शासकीय जमीन पर यासीन ने अतिक्रमण किया हुआ था, लेकिन उसे हटाने का साहस प्रशासन नहीं कर पा रहा था। ड्रग्स मामला सामने आने के बाद अब मछली परिवार द्वारा किए गए अवैध कब्जों को लेकर प्रशासन सख्ती कर रहा है। बुधवार को कोकता आनंद नगर में प्रशासनिक अमला 20 जेसीबी और दो सौ पुलिस जवानों को लेकर पहुंचा और अवैध कब्जों को हटाया गया। अधिकारियों का दावा है कि यह प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई है। कार्रवाई के दौरान पांच एसडीएम, एसडीओपी और आधा दर्जन से अधिक थानों के टीआई सहित पुलिस जवान मौजूद रहे।
अवैध संपत्तियों की जुटाई जानकारी
जानकारी के मुताबिक यासीन मछली और शाहवर मछली को पुलिस ने ड्रग और अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था। उसके बाद से पुलिस प्रशासन मछली परिवार की अवैध संपत्ति की कुंडली खंगालने में लगा हुआ था। साथ जिला प्रशासन और नगर निगम भी अवैध संपत्ति की जानकारी जुटा रहा था। इसी बीच प्रशासन ने जब कोकता में सरकारी जमीन की जांच की तो पता चला कि मछली परिवार ने सरकारी जमीन पर एक मैरिज गार्डन, शादी हॉल, फार्म हाउस, कारखाना और मदरसे का निर्माण किया हुआ है। करीब 25 एकड़ की भूमि पर मछली परिवार ने अपना कब्जा किया हुआ है। जिसकी कीमत कंस्ट्रक्शन समेत करीब 100 करोड़ रुपए की होना बताई जा रही है।
.jpeg)
युवतियों में दहशत, डर के कारण सामने नहीं आ रहीं
यासीन अहमद उर्फ यासीन मछली के मोबाइल में दिख रही युवतियों को पुलिस ढूंढ रही है। कुछ युवतियों का पता भी चल गया है, लेकिन युवतियों में इतनी दहशत है कि वे डर के कारण सामने नहीं आ रही हैं। यासीन ने अपराध में शामिल करने के लिए युवतियों को ड्रग्स की लत का शिकार बनाया था और उसके बाद वीडियो बनाकर ब्लैक मेल कर रहा था। पुलिस की जांच में सामने आया है कि कॉलेज में पढऩे वाली छात्राओं के भी संपर्क में था। पुलिस अब यासीन के मोबाइल की डिटेल से यह पता लगाने में जुटी है कि उसके तार कहां तक जुड़े हुए हैं। राजधानी के कई रसूखदारों के साथ उसके फोटो सामने आ चुके हैं।
एक युवती आ चुकी है सामने
यासीन के रसूख का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कई गंभीर मामले दर्ज होने के बावजूद भी उसके संपर्क राजधानी के रसूखदारों और प्रभावशाली लोगों से बने रहे। हर बड़ी पार्टियों का हिस्सा भी रहता था। एक युवती ने कुछ माह पहले निशातपुरा थाने में उसके खिलाफ छेड़छाड़ और धमकी देने का मामला भी दर्ज कराया था। फिलहाल आरोपी क्राइम ब्रांच की हिरासत में है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तार जुडऩे की संभावना!
यासीन के पास से ड्रग्स मिली है वह उच्च कोटी की मानी जा रही है, आसनी से यासीन को ड्रग्स मिल रही थी। मामले से जुड़े जांच अधिकारियों को अंदेशा है कि आरोपी के तार अंतरराष्ट्रीय स्तर से जुड़े हो सकते हैं। दरअसल राजधानी में कुछ मामले पूर्व में भी सामने आ चुके हैं, जिनमें बंग्लादेश का कनेक्शन सामने आया था। हालांकि पुलिस के जांच अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सब स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
अपराध में शामिल कराने के लिए बिछाता था जाल
जांच में सामने आया है कि यासीन युवतियों का उपयोग अपराध में शामिल कराने के लिए करता था। इसके लिए लिए वह बकायदा जाल भी बिछाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह अब तक किन किन युवतियों का उपयोग किस तरह के अपराध में कर चुका है। मोबाइल से कुछ ऐसी बातें भी सामने आई हैं जिनसे यह स्पष्ट नजर आ रहा था कि वह अपराध में लिप्त रहा है। जल्द ही पुलिस इस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।
शासकीय जमीन पर कब्जा हटाने के लिए कार्रवाई की गई है। इसके पूर्व भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी।
– विनोद सोनकिया, हुजूर, एसडीएम







