अभ्युदय मध्यप्रदेश: 70वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह, 1-3 नवम्बर तक भव्य आयोजन
अभ्युदय मध्यप्रदेश: 70वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह, 1-3 नवम्बर तक भव्य आयोजन
“उद्योग एवं रोजगार वर्ष” थीम पर केंद्रित, विकसित, समृद्ध और सशक्त मध्यप्रदेश की दिखेगी झलक
भोपाल यश भारत। मध्यप्रदेश, जो भारत का हृदय केवल भौगोलिक स्थिति के कारण नहीं, बल्कि अपनी संस्कृति, परम्परा, अध्यात्म और विविधता के समावेश के लिए भी कहलाता है, अपनी स्थापना के 70 वर्ष पूर्ण होने पर एक भव्य समारोह की तैयारी में है। राज्य का 70वां स्थापना दिवस समारोह इस वर्ष “अभ्युदय मध्यप्रदेश” के रूप में 1 से 3 नवम्बर, 2025 तक आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष समारोह की थीम “उद्योग एवं रोजगार वर्ष” रखी गई है।
संस्कृति विभाग के संचालक एन.पी. नामदेव ने बताया कि तीन दिवसीय यह प्रतिष्ठापूर्ण समारोह इस वर्ष एक नए और उत्सवमयी कलेवर में प्रदेशवासियों के सामने होगा। इस दौरान गीत, संगीत, नृत्य, कला, शिल्प कला, छायाचित्र, सांस्कृतिक यात्रा, ड्रोन शो और आतिशबाजी जैसी गतिविधियों के माध्यम से मध्यप्रदेश की विरासत और विकास के रंग देखने को मिलेंगे।
प्रमुख आकर्षणों की सूची:
मुख्य समारोह लाल परेड ग्राउण्ड, भोपाल में तीनों दिवस सायं 6:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में निम्नलिखित प्रमुख कार्यक्रम शामिल होंगे:
महानाट्य: वैभवशाली अतीत के महानायक सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर केन्द्रित एक भव्य महानाट्य का मंचन।
सांगीतिक प्रस्तुति: दर्शकों को सांगीतिक रूप में भगवान श्रीकृष्ण की जीवन यात्रा का अनुभव कराया जाएगा।
लाइव कॉन्सर्ट: जाने-माने कलाकार जुबिन नौटियाल, हंसराज रघुवंशी एवं स्नेहा शंकर के लाइव कॉन्सर्ट होंगे।
टेक्नोलॉजी शो: “विरासत से विकास” की थीम पर आधारित एक शानदार ड्रोन शो और भव्य आतिशबाजी का प्रदर्शन।
मेले और प्रदर्शनियां: प्रदेश की कला और स्वाद को दर्शाने के लिए एक जिला-एक उत्पाद शिल्प मेला, व्यंजन मेला, और पारंपरिक नृत्य के साथ सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन भी होगा।






