5 साल की मासूम से ‘अश्लील हरकत करते युवक रंगे हाथ धराया, देर रात मामला दर्ज
बिस्किट का लालच देकर सुनसान खंडहर में ले गया; स्थानीय युवकों की सजगता से बची बच्ची

भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहांनाबाद थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले एक युवक को गुरुवार शाम 5 साल की मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत करते हुए स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी को तुरंत डायल 112 की मदद से पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बिस्किट के बहाने ले गया खंडहर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना शाहजहांनाबाद इलाके के पुराने बेनजीर कॉलेज के सुनसान खंडहर की है। आरोपी की पहचान मोहित उर्फ गप्पू के रूप में हुई है, जो बच्ची के पड़ोस में ही रहता है। बताया गया है कि मोहित बच्ची को किराना दुकान से बिस्किट का पैकेट दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर सुनसान खंडहर में ले गया था। बच्ची के पिता मजदूरी करते हैं।
स्थानीय युवकों ने दिखाई हिम्मत
आरोपी जब बच्ची को खंडहर की ओर ले जा रहा था, तभी स्थानीय युवक अलीम खान ने उसे देख लिया। अनहोनी की आशंका के चलते अलीम ने अपने कुछ साथियों को इकट्ठा किया और खंडहर के अंदर दाखिल हुए। अंदर उन्हें मोहित बच्ची के साथ आपत्तिजनक हालत में मिला। युवकों ने तत्काल आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
दो अन्य लोगों के नाम सामने आए
गिरफ्तारी के बाद आरोपी मोहित का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह दावा कर रहा है कि रोहित रजक और पवन सतनामी नाम के दो अन्य लोगों ने भी बच्ची के साथ गलत काम किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मोहित उर्फ गप्पू के खिलाफ देर रात अश्लील हरकत करने और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है और शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस फिलहाल आरोपी के बयान के आधार पर नामित दो अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की गहनता से तस्दीक कर रही है।







