
युवक को बाघ ने बनाया निवाला, मृतक का सिर व शरीर के कुछ हिस्से ही मिले
राम नगर वन प्रभाग के कोसी रेंज में एक युवक को बाघ ने मार डाला और उसका कुछ हिस्सा खा लिया। चारा लेने गई महिलाओं ने युवक को घसीटे जाने की सूचना दी थी।

रामनगर वन प्रभाग के जंगल में आग जलाकर बैठे एक युवक को बाघ ने मारकर उसे अपना निवाला बना लिया। वन विभाग को मृतक का केवल सिर व शरीर का कुछ हिस्सा मिला है। मृतक की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत कोसी रेंज के जंगल में शनिवार शाम चार बजे चारा लेने गई महिलाओं ने एक युवक के घसीटे जाने व कपड़े जूते पड़े होने की जानकारी दी।
सूचना पर शाम को ही रेंजर शेखर तिवारी मौके पर पहुंचे तो आग जलाने के निशान मिले। इसके बाद वनकर्मियों ने उसकी तलाश की। मौके पर घसीटने के निशान मिले थे।
- अंधेरा होने की वजह से सर्च अभियान रोकना पड़ा।
रविवार सुबह रामनगर वन प्रभाग के एसडीओ अंकित बडोला, कामिनी आर्या, रेंजर शेखर तिवारी, कोतवाल सुशील कुमार ने वन कर्मियों के साथ मिलकर फिर जंगल में व्यक्ति की तलाश की।
सड़क से चार सौ मीटर दूर झाड़ी में बाघ का खाया हुआ व्यक्ति का क्षत विक्षत शव मिला। अवशेष को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखा गया है। वन विभाग शव की शिनाख्त का प्रयास कर रही है।







