पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर
भोपाल, यशभारत। राजधानी के खजुरी सड़क थाना इलाके में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहाँ 11 मील ढाबे के पास पुरानी रंजिश को लेकर एक 25 वर्षीय युवक पर बदमाशों ने सरेराह चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चौकसे नगर निवासी अभिषेक मीणा (पिता अमर सिंह) का कुछ युवकों से पुराना विवाद चल रहा था। बीती रात जब अभिषेक 11 मील ढाबे के पास मौजूद था, तभी आरोपी राहुल इंटर, शानू और उनके साथियों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने पहले अभिषेक के साथ गाली-गलौज की, जिसका अभिषेक ने कड़ा विरोध किया। विरोध से आक्रोशित होकर बदमाशों ने लाठी-डंडों से उसकी पिटाई शुरू कर दी और इसी दौरान राहुल और शानू ने चाकू से अभिषेक पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मामला
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। राहगीरों की मदद से घायल अभिषेक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए खजुरी सड़क थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास व अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
खजुरी पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि बदमाशों की लोकेशन का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।






