धर्म परिवर्तन की शिकायत लेकर रांझी थाना पहुंची महिला, 4 पर एफआईआर दर्ज

जबलपुर यश भारत। हिंदू महिला का जबरन धर्मांतरण कराने की कोशिश का मामला प्रकाश में आया है। रांझी थाना क्षेत्र की रहने वाली नीतू रैकवार ने आरोप लगाया है कि ईसाई समुदाय से जुड़े कुछ लोगों ने उसे धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया।महिला ने जब धर्म बदलने से इनकार किया, तो उसे धमकाया गया और उसके घर से हिंदू देवी-देवताओं के चित्र हटवा दिए गए। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर महिला ने रांझी थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसके आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। नीतू रैकवार ने बताया कि वह परशुराम बस्ती रांझी की निवासी हैं, पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। इसी दौरान आरोपी मनोज पिल्ले, विनोद, राजीव और एक अन्य व्यक्ति ने उनके घर आकर उन्हें ईसाई धर्म अपनाने पर शीघ्र स्वस्थ होने और आर्थिक स्थिति सुधरने का प्रलोभन दिया।महिला ने बताया कि उसे दो हजार रुपये भी दिए गए और ईसाई परंपरा अनुसार पूजा सामग्री एकत्र करने के लिए कहा गया। पुलिस ने नीतू रैकवार की शिकायत पर आरोपी मनोज पिल्ले, विनोद, राजीव और एक अन्य के खिलाफ मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। सभी आरोपी जबलपुर के रांझी क्षेत्र के निवासी हैं।







