भोपालमध्य प्रदेश

शराब के लिए अड़ीबाजी कर चाकू मारने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार

शराब के लिए अड़ीबाजी कर चाकू मारने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार

आरोपी पर दर्ज हैं एनएसए सहित 29 गंभीर मामले

भोपाल, यश भारत।  राजधानी की हनुमानगंज पुलिस ने इलाके में दहशत फैलाने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने एक युवक को रोककर शराब के लिए रुपयों की मांग की थी और मना करने पर चाकू से हमला कर दिया था। पकड़ा गया आरोपी पुराना हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर जिला बदर और एनएसए जैसी कड़ी कार्रवाइयां भी हो चुकी हैं।
पुलिस के अनुसार, सुभाष नगर निवासी फरियादी अमित मेहरा उर्फ झंडू (40) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 26 मार्च की रात करीब 10 बजे जब वह अपने भाई के साथ छोला रोड से गुजर रहा था, तभी सोहेल उर्फ नाना पिता सलीम खान ने उसे रोका। आरोपी नाना ने अमित से शराब पीने के लिए 1000 रुपये की मांग की। जब अमित ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अपनी कमर में फंसी छुरी निकालकर उस पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सिंह भदौरिया ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई थी। गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी फूटा मकबरा (छोला रोड) के पास छिपा हुआ है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर सोहेल उर्फ नाना (28) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी सोहेल उर्फ नाना एक आदतन अपराधी है। उस पर थाना हनुमानगंज और गौतम नगर में कुल 29 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी पर मारपीट, अड़ीबाजी, आर्म्स एक्ट, चोरी, जुआ एक्ट और आबकारी एक्ट के दर्जनों मामले दर्ज हैं।
कड़ी कार्रवाई का नहीं असर: पूर्व में आरोपी पर दो बार राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम और मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है, इसके बावजूद वह लगातार वारदातों को अंजाम दे रहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button