जबलपुरदेशभोपालमध्य प्रदेशराज्य

इंदौर की गुरदीप और छत्तीसगढ़ के गोकरण की अनोखी मुलाकात , सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से

पांच साल से चल रहा इंतजार हुआ पूरा

इंदौर की गुरदीप और छत्तीसगढ़ के गोकरण की अनोखी मुलाकात , सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से

दिवाली से पहले सदी के महानायक बच्चन दो ऐसे बहु-दिव्यांग प्रशंसकों से मिले जिनकी जिजीविषा और हौसले ने सभी को भावुक कर दिया।
इंदौर की गुरदीप कौर वासु, जो जन्म से मूक, बधिर और दृष्टिहीन हैं, और छत्तीसगढ़ के गोकरण पाटिल, जिनके दोनों हाथ नहीं हैं और वे मूक-बधिर हैं, की यह मुलाकात बिग बी के लिए भी भावनाओं से भरा पल बन गई।

पांच साल से चल रहा इंतजार हुआ पूरा

34 वर्षीय गुरदीप की पांच साल से यह इच्छा थी कि वह अमिताभ बच्चन से मिलें और उनका स्पर्श रूपी आशीर्वाद प्राप्त करें। वहीं, गोकरण पाटिल भी पांच वर्षों से महानायक से मिलने की तमन्ना दिल में संजोए हुए थे।
आखिरकार, 9 अक्टूबर को मुंबई में दोनों की मुलाकात अमिताभ बच्चन से कराई गई। यह मुलाकात किसी शो के सेट पर नहीं, बल्कि अलग से आयोजित एक विशेष सत्र में हुई।

भावुक हुए बिग बी

मुलाकात के दौरान गोकरण ने अपने पैरों से बनाया हुआ अमिताभ बच्चन का पोट्रेट उन्हें भेंट किया। इसे देखकर बिग बी की आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा, “ऐसी लगन और कला बहुत दुर्लभ है।
दूसरी ओर, गुरदीप ने अपने स्पर्श से अमिताभ बच्चन की हथेली पर उनका नाम महसूस कराया। उन्होंने ‘ब्लैक’ फिल्म का उल्लेख करते हुए बताया कि कैसे वह फिल्म उनकी अपनी जिंदगी से मेल खाती है। अमिताभ ने भी भावुक होते हुए कहा, “मुझे बेहद खुशी है कि मेरा काम आप तक इस रूप में पहुंचा।

25 मिनट का भावनात्मक संवाद

करीब 25 मिनट चली इस मुलाकात में अमिताभ बच्चन ने दोनों से उनके जीवन, संघर्ष और शिक्षा के बारे में जाना। उनके गुरु और ‘आनंद सर्विस सोसाइटी’ के डायरेक्टर ज्ञानेंद्र और मोनिका पुरोहित ने बताया कि कैसे दोनों को विशेष शिक्षण पद्धतियों से पढ़ाया गया।
बिग बी ने दोनों को दीपावली की शुभकामनाओं और आशीर्वाद के साथ विदा किया।

गुरदीप — ब्लैक फिल्म से प्रेरित जीवन

गुरदीप ने मुंबई के वाशी स्थित हेलन केलर स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी, और बाद में इंदौर की आनंद सर्विस सोसाइटी में पढ़ाई जारी रखी।
उनकी शिक्षा के लिए पुरोहित दंपती ने टेक्सटाइल साइनिंग स्पर्श लिपि का भारतीय संस्करण तैयार किया। यही पद्धति अमिताभ बच्चन और रानी मुखर्जी ने फिल्म *ब्लैक* के लिए सीखी थी।
गुरदीप ने बिग बी को ब्रेल लिपि में पत्र लिखकर मिलने की इच्छा जताई थी।

गोकरण — पैरों से रचा हुनर

44 वर्षीय गोकरण पाटिल जन्म से ही बिना हाथों के हैं, लेकिन उन्होंने पैरों से साइन लैंग्वेज सीखी, पैरों से परीक्षा दी और पेंटिंग बनाई।
उन्होंने अमिताभ बच्चन को उनके जन्मदिन के अवसर पर अपने पैरों से बना पोट्रेट भेंट किया। यह पोट्रेट अब जलसा’ (अमिताभ बच्चन का निवास) के गार्डन में सजेगा।

अमिताभ बच्चन पहले भी मदद कर चुके हैं

2020 में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के कर्मवीर स्पेशल एपिसोड में ज्ञानेंद्र और मोनिका पुरोहित शामिल हुए थे। तब बिग बी उनकी संस्था से इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने लिफ्ट लगाने के लिए 11 लाख रुपए दान दिए थे।
इसी संस्था से ही गुरदीप और गोकरण दोनों जुड़े हैं।

जीवन का अनमोल तोहफा

गुरदीप और गोकरण के लिए अमिताभ बच्चन से मिलना किसी सपने के सच होने जैसा था। दोनों के चेहरे की मुस्कान उनके संघर्ष और जीत की कहानी कह रही थी।
मुलाकात के बाद उन्होंने अपने साथियों को फोटो भेजे, और देशभर से शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button