
कोयले से भरा ट्रक टकराया, इंजन में लगी भीषण आग
ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान शहडोल जिले में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। नेशनल हाईवे-43 पर धुरवार टोल प्लाजा के पास कोयले से भरा एक भारी ट्रक आगे चल रहे ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ ही सेकंड में ट्रक के इंजन से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
चालक की सूझबूझ से बची जान
रात करीब 12 बजे हुए इस हादसे के बाद ट्रक के इंजन से धुआं और आग तेजी से फैलने लगी। गंभीर हालात को भांपते हुए ट्रक चालक ने बिना घबराए तुरंत ट्रक से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। अगर वह कुछ पल भी देरी करता, तो यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। ट्रक में कोयला लदा होने के कारण आग फैलने पर विस्फोट जैसी स्थिति बनने की आशंका भी बनी हुई थी।
टोल कर्मचारियों की तत्परता से टला बड़ा नुकसान
धुरवार टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों ने आग लगते ही तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोहागपुर थाना पुलिस दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची। आग काफी भीषण थी और ट्रक का इंजन पूरी तरह जल चुका था, लेकिन दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
कोयले तक नहीं पहुंची आग, राहत की सांस
राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया और ट्रक में लदे कोयले तक आग नहीं पहुंच सकी। अगर आग कोयले तक पहुंच जाती, तो नुकसान कहीं ज्यादा बड़ा हो सकता था। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा।







