मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से तीन माह के बालक को मिला नया जीवन

जबलपुर,यश भारत। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री बाल हृदय उपचार योजना से तीन माह के बालक किशरथ लोधी को सफल हृदय सर्जरी के बाद नया जीवन मिला। जिला प्रबंधक राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम सुभाष शुक्ला के अनुसार पाटन क्षेत्र के मेहगवां निवासी बालक जन्म से हृदय रोग से ग्रसित था। जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल के विशेषज्ञों से जांच कराई गई और सिविल सर्जन डॉ. नवीन कोठारी व मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा की अनुशंसा पर आगे की प्रक्रिया शुरू की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशानुसार जिला नोडल अधिकारी डॉ. अमजद खान और टीम ने बालक का पंजीयन कर परिजनों की सहमति से नारायण हृदयालय मुंबई रेफर किया, जहां 29 जनवरी 2026 को निःशुल्क सफल सर्जरी की गई। बालक के स्वस्थ होने पर परिवार ने शासन, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आरबीएसके टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।







