तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौत

तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौत
भोपाल, यशभारत। राजधानी के केरवा डैम रोड पर गुरुवार दोपहर एक बेलगाम स्कॉर्पियो ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने शुक्रवार तड़के इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय संदीप माहेश्वरी के रूप में हुई है, जिसकी दो महीने बाद अप्रैल में शादी होनी थी। हादसे के बाद आरोपी चालक कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीहोर जिले के बिलकिसगंज निवासी संदीप माहेश्वरी भोपाल की एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। गुरुवार को वह कस्टमर से लोन संबंधी दस्तावेज लेने और केवाईसी करने नीलबड़ जा रहा था। इसी दौरान केरवा रोड पर गौशाला के पास एक अंधे मोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
अस्पताल में तोड़ा दम, आरोपी फरार
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और संदीप को गंभीर चोटें आईं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक गिरफ्तारी के डर से अपनी गाड़ी सड़क पर ही छोड़कर भाग निकला।
परिजनों ने बताया कि संदीप की सगाई हो चुकी थी और अप्रैल में उसका विवाह तय था। घर में खुशियों का माहौल था और शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने सब कुछ छीन लिया।
पुलिस का कहना है कि हमने वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली है। रातीबड़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







