रांझी में तेज रफ्तार पेट्रोल टैंकर ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत
अमृत-2 योजना के काम में लापरवाही बनी हादसे की वजह, बिना डायवर्जन बोर्ड किया गया वन-वे

जबलपुर। रांझी थाना अंतर्गत पहलवान बाबा मंदिर के सामने शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार पेट्रोल टैंकर ने युवक को टक्कर मारते हुए कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान अखिलेश उर्फ रिंकू चौरसिया के रूप में हुई है, जो रांझी गांधी व्यायाम शाला के पास का निवासी था।
जानकारी के अनुसार अखिलेश काम से लौटकर बाइक से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान रांझी से गोकलपुर की ओर जा रहे पेट्रोल टैंकर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद टैंकर चालक फरार, पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
घटना के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही रांझी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रांझी अस्पताल भिजवाया, जहां आज पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आधारताल क्षेत्र में नाकाबंदी कर कुछ ही देर में पेट्रोल टैंकर को पकड़ लिया। वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है, जिससे पूछताछ जारी है।
अमृत-2 योजना के काम में निगम की लापरवाही उजागर
बताया जा रहा है कि अमृत-2 योजना के तहत रांझी क्षेत्र में नर्मदा जल लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। इसी कारण मुख्य सड़क पर खुदाई कर पाइप लाइन डाली जा रही है और मार्ग को वन-वे कर दिया गया है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि वन-वे किए जाने के बावजूद किसी भी प्रकार के डायवर्जन या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाए गए।
डायवर्जन न होने से बढ़ रहा हादसों का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि डायवर्जन बोर्ड न होने के कारण वाहन चालक भ्रमित हो रहे हैं, जिससे लगातार हादसों की आशंका बनी हुई है। निगम की यह लापरवाही आमजन की जान पर भारी पड़ती नजर आ रही है।
जांच में जुटी पुलिस फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।







