जबलपुरमध्य प्रदेश

बी.टी. तिराहा पर रेंज रोवर ने खड़ी इंडीवर को मारी ज़ोरदार टक्कर

बिना शिकायत आपसी समझौते से खत्म हुआ मामला

जबलपुर,यशभारत। गढ़ा थाना क्षेत्र के व्यस्तम बी.टी. तिराहा में देर रात उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब एक रेंज रोवर कार ने सड़क किनारे खड़ी इंडीवर कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के पिछले और आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेंज रोवर चालक तेज रफ्तार में था, जिसके कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और दुर्घटना हो गई।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों वाहनों के नंबर नोट कर ड्राइवरों से पूछताछ की। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कुछ देर तक दोनों पक्षों में कहासुनी भी हुई, लेकिन बाद में परिजनों और परिचितों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया।

गढ़ा थाना पुलिस ने बताया कि दुर्घटना से संबंधित किसी भी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। लिहाज़ा पुलिस ने कानूनी प्रकरण पंजीबद्ध नहीं किया। दोनों वाहन मालिकों ने आपसी समझौते के आधार पर नुकसान की भरपाई खुद करने का निर्णय लिया है।

बी.टी. तिराहा क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग को लेकर आए दिन दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि इस स्थान को एक्सीडेंट ज़ोन घोषित कर ट्रैफिक नियंत्रण के लिए विशेष निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पुलिस ने भी वाहन चालकों से सावधानी बरतने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और सड़क किनारे अनियंत्रित पार्किंग से बचने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button