चलती कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे लोग

चलती कार बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे लोग
भोपाल, यश भारत ।राजधानी के व्यस्ततम इलाके रॉयल मार्केट में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर निगम जोन-2 कार्यालय के ठीक सामने एक चलती कार धू-धू कर जल उठी। कार में सवार लोग समय रहते बाहर कूद गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पेट्रोल पंप के करीब मची अफरा-तफरी
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कार जैसे ही नगर निगम कार्यालय के पास पहुंची, उसके अगले हिस्से से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। घटनास्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप होने के कारण आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी और ट्रैफिक रोक दिया गया।
शॉर्ट सर्किट या CNG लीकेज की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण कार में लगी CNG किट में लीकेज या बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग इतनी भीषण थी कि जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचतीं और लपटों पर काबू पातीं, तब तक कार पूरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो चुकी थी।
हमीदिया अस्पताल मार्ग पर लगा जाम
रॉयल मार्केट और हमीदिया अस्पताल रोड पर इस घटना के कारण करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जली हुई कार को सड़क के बीच से हटाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।







