भोपालमध्य प्रदेश

बाग उमराव दूल्हा में तीन मंजिला इमारत में भीषण आग

बाग उमराव दूल्हा में तीन मंजिला इमारत में भीषण आग

संकरे रास्तों ने बढ़ाई मुश्किल, दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में हुई देरी; छत पर रखे तेल ने पकड़ी रफ्तार

भोपाल, यशभारत। राजधानी के पुराने शहर स्थित बाग उमराव दूल्हा इलाके में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक तीन मंजिला इमारत की छत पर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें और काला धुआं शहर के 10 किलोमीटर दायरे से साफ देखा जा सकता था। सूचना मिलते ही नगर निगम का फायर अमला मौके पर पहुंचा और करीब आधे दर्जन दमकलों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।
तेल के कारण भड़की आग
मौके पर मौजूद लोगो के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से से धुआं निकलता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि छत पर भारी मात्रा में तेल रखा हुआ था, जिसने अज्ञात कारणों से आग पकड़ ली। तेल की मौजूदगी की वजह से लपटें तेजी से भभक उठीं और पूरी छत को अपनी चपेट में ले लिया। गौरतलब है कि जिस बिल्डिंग में आग लगी, उसके निचले हिस्से में मीट की दुकान संचालित होती है।
दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत
आगजनी की सूचना मिलते ही ऐशबाग और आसपास के फायर स्टेशनों से गाड़ियां रवाना की गईं। हालांकि, क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति दमकल विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनी। बाग उमराव दूल्हा और ऐशबाग का इलाका बेहद घनी आबादी वाला है। गलियां संकरी होने के कारण फायर टेंडर्स को मौके तक पहुंचने में काफी समय लगा। मौके पर जुटी भारी भीड़ को हटाने और रास्ता साफ कराने में पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में
दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिकता आग को आसपास की अन्य इमारतों में फैलने से रोकने की थी। खबर लिखे जाने तक दमकलकर्मी आग बुझाने के काम में जुटे थे। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। आग लगने के सटीक कारणों की जांच बाद में की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button