बेलबाग तिराहे पर किराना दुकान में लगी भीषण आग,लाखों के नुकसान का अनुमान
दो दमकल वाहनों और टैंकर की मदद से घंटों बाद पाया गया काबू

जबलपुर, यशभारत। शहर में गर्मी का असर बढ़ने के साथ ही आगजनी की घटनाओं में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में बीती रात बेलबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलबाग तिराहे पर स्थित एक किराना दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देर रात हुए इस अग्निकांड से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 1 बजे की है। अचानक दुकान से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कुछ ही देर में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास रहने वाले लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू पाना संभव नहीं हो सका।
घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर दो दमकल वाहन और एक पानी का टैंकर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए काफी देर बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने तक दुकान में रखा किराने का पूरा सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था।
दुकान संचालक के मुताबिक वह रोजाना की तरह रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। देर रात करीब 1 बजे उन्हें दुकान में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे। तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। संभावना जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी हो सकती है, हालांकि पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।







