ऑनलाइन गेम में 35 लाख हारने पर व्यवसायी ने दी जान, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द

ऑनलाइन गेम में 35 लाख हारने पर व्यवसायी ने दी जान, सुसाइड नोट में बयां किया दर्द
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अयोध्या नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले राज बिजनेस पार्क में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक 32 वर्षीय व्यवसायी शिवान गुप्ता ने अपनी दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का कारण ऑनलाइन गेमिंग की लत बताया जा रहा है, जिसमें मृतक ने लगभग 30 से 35 लाख रुपये गंवा दिए थे। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
दुकान के अंदर मिला शव
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शारदा नगर निवासी शिवान गुप्ता अपने भाई आदर्श के साथ मिलकर ‘गुप्ता इंटरप्राइजेस’ नाम से दुकान चलाते थे। बुधवार सुबह वह काम के लिए घर से निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। गुरुवार सुबह जब इलाके के सुरक्षा गार्ड ने दुकान का शटर आधा खुला देखा, तो उसे संदेह हुआ। अंदर जाकर देखने पर शिवान का शव फंदे से लटका मिला।
सुसाइड नोट में कर्ज का जिक्र
तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें शिवान ने अपनी मौत के लिए ऑनलाइन गेमिंग को जिम्मेदार ठहराया है। नोट में लिखा है कि वह ऑनलाइन गेम में करीब 30 से 35 लाख रुपये हार चुके थे, जिसके कारण वह गहरे मानसिक तनाव में थे। इसी वित्तीय बोझ और लोक-लाज के डर से उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अयोध्या नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मृतक के मोबाइल फोन और बैंक डिटेल्स की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कौन से ऑनलाइन गेम खेल रहे थे और उन पर किन लोगों का कर्ज था।
इनका कहना है …
शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मौके से मिले सुसाइड नोट को जांच के लिए जब्त किया गया है। शुरुआती जांच में मामला ऑनलाइन गेमिंग में बड़ी रकम हारने से जुड़ा लग रहा है।
थाना प्रभारी महेश लिल्लारे







