शाहपुरा थाने के सामने गैस पाइपलाइन फटी, मची अफरा-तफरी; पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा

शाहपुरा थाने के सामने गैस पाइपलाइन फटी, मची अफरा-तफरी; पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहपुरा क्षेत्र में गुरुवार को उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब थाने के ठीक सामने खुदाई के दौरान थिंक गैस कंपनी की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फूटते ही तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस और गैस कंपनी की त्वरित कार्रवाई ने स्थिति को बिगड़ने से पहले ही संभाल लिया।
खुदाई के दौरान हुई लापरवाही
मिली जानकारी के अनुसार, शाहपुरा थाने के सामने मजदूरों द्वारा खुदाई का काम किया जा रहा था। इसी दौरान लापरवाही के चलते मशीन पाइपलाइन से जा टकराई और वह फट गई। गैस का प्रेशर इतना तेज था कि आसपास के लोगों में डर फैल गया और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
गैस रिसाव की गंभीरता को देखते हुए शाहपुरा पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। किसी भी अनहोनी या आगजनी की घटना को रोकने के लिए पुलिस ने थाने के सामने वाले मुख्य मार्ग को दोनों तरफ से बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया। राहगीरों को सुरक्षित दूरी पर रहने की हिदायत दी गई और ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया गया।
विशेषज्ञों ने पाया काबू
सूचना मिलते ही थिंक गैस कंपनी की टेक्निकल टीम मौके पर पहुँची। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद गैस की मुख्य सप्लाई को पीछे से बंद किया और लीकेज वाले हिस्से को नियंत्रित किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी, जिसके बाद स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली।







