
तीन मंजिला इमारत में आग के बाद ढह गया टॉप फ्लोर, एक व्यक्ति के फंसे होने की आशंका
![]()
नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के नारायणा में सोमवार देर रात एक तीन मंजिला इमारत में आग लग गई। जिससे बिल्डिंग की दूसरी और तीसरी मंजिलें ढह गईं। मलबे में एक व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है। दिल्ली फायर ब्रिगेड सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि पेंट और थिनर के गोदाम वाली इस इमारत में आग लगी। दमकल विभाग को देर रात दो बजकर 35 मिनट पर इसकी जानकारी मिली। तुरंत ही आग बुझाने और रेस्क्यू ऑपरेशन का काम शुरू हुआ। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया कि हमने दमकल की 26 गाड़ियों को मौके पर भेजा। सुबह आठ बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि मलबे में एक व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पूरा मामला वेस्ट दिल्ली के नारायणा में देर रात सामने आई। तुरंत ही आग बुझाने की कवायद शुरू हुई।
इसी बीच बिल्डिंग का ऊपरी हिस्सा गिर गया है। एनडीआरएफ, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर मौजूद रही। राष्ट्रीय राजधानी में आग लगने की एक और घटना सामने आई है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के ज्वाला नगर में मंगलवार सुबह एक इमारत की पांचवीं मंजिल गिरने से पांच लोग घायल हो गए।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारी ने इस पर अहम अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि सुबह 9.50 बजे इमारत गिरने की सूचना मिलने के बाद पांच दमकल वाहन घटनास्थल पर भेजे गए। पांच घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। मलबे में कोई और व्यक्ति तो नहीं फंसा, यह पता लगाने के लिए बचाव अभियान जारी है।







