भोपालमध्य प्रदेश

चुनरी यात्रा में निगरानीशुदा बदमाश ने युवक के गले पर चाकू से किया वार

चुनरी यात्रा में निगरानीशुदा बदमाश ने युवक के गले पर चाकू से किया वार

दहशत फैलाने के लिए देशी पिस्तौल से हवाई फायर भी किया; आरोपी हाल ही में हुआ था बॉन्ड ओवर

भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोलार इलाके में बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक धार्मिक चुनरी यात्रा के दौरान इलाके के लिस्टेड बदमाश ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने न केवल युवक के गले पर चाकू से वार किया, बल्कि भीड़ से घिरने पर देशी पिस्तौल से हवाई फायर कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के अनुसार, घटना बुधवार रात करीब 8:45 बजे ललिता नगर इलाके की है। यहाँ से एक चुनरी यात्रा निकल रही थी, जिसमें इलाके का निगरानीशुदा बदमाश अक्षय ठाकुर भी शामिल हुआ था। यात्रा के दौरान अक्षय का हरिओम यादव नामक युवक से किसी बात पर विवाद हो गया। देखते ही देखते अक्षय ने गाली-गलौज शुरू कर दी और तैश में आकर हरिओम के गले पर चाकू से हमला कर दिया।
बाल-बाल बचा युवक
हमले के दौरान हरिओम बाल-बाल बच गया। चाकू उसके गले के बजाय कान पर जा लगा, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना के बाद वहां मौजूद भीड़ ने जब आरोपी अक्षय को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने अपनी जेब से देशी पिस्तौल निकाली और हवाई फायर कर दिया। फायरिंग की आवाज से भगदड़ मच गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी मौके से भाग निकला। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौके से कोई कारतूस बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
हैरानी की बात यह है कि आरोपी अक्षय ठाकुर पुलिस रिकॉर्ड में ‘निगरानीशुदा बदमाश’ है। हाल ही में पुलिस ने उसे शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बॉन्ड ओवर भी किया था। बॉन्ड की अवधि के दौरान ही इस तरह की वारदात को अंजाम देना पुलिस की मॉनिटरिंग और अपराधियों में कानून के खौफ की कमी को दर्शाता है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button