कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला
एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरों ने जताया शांतिपूर्ण विरोध

कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला
– एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरों ने जताया शांतिपूर्ण विरोध
भोपाल यशभारत। केंद्र सरकार द्वारा कमीशन बढ़ाने की मांग को लेकर एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरों द्वारा टीटी नगर में कैंडल मार्च निकाला गया। शहर के डिस्ट्रीब्यूटरों ने केंद्र सरकार से मांग की है कि पिछले तीन वर्षों से डिस्ट्रीब्यूटर का कमीशन नहीं बढ़ाया गया है, जबकि देश में एलपीजी सिलेंडरों पर बड़ी संख्या में लोग निर्भर हैं और इस काम में लाखों कर्मचारी लगे हैं। आरके गुप्ता वरिष्ठ गैस डिस्ट्रीब्यूटर ने बताया कि केंद्र सरकार ने पहले यह वादा किया था कमीशन बढ़ाया जाएगा और होम डिलीवरी चार्ज भी सुधारेंगे, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि देश में लगभग 26000 डिस्ट्रीब्यूटर हैं और 40 लाख से अधिक कर्मचारी इस क्षेत्र में काम कर रहे हैं। ऑल इंडिया गैस डिस्ट्रीब्यूटर वीएस शर्मा ने बताया कि एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर पूरे देश में लाखों परिवारों को सिलेंडर उपलब्ध कराते हैं। हम चाहते हैं कि हमारी मेहनत का सम्मान करते हुए कमीशन और सम्मान निधि बढ़ाई जाए। कैंडल मार्च के दौरान डिस्ट्रीब्यूटरों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपने काम और योगदान को उजागर करते हुए केंद्र सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्राहक संख्या करोड़ों में है और डिस्ट्रीब्यूटरों का योगदान महत्वपूर्ण है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने भी मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं होने दी।







