इंदौर

धार में भीषण सड़क हादसा, ट्राले की टक्कर के बाद 4 वाहनों में आग, 3 लोग जिंदा जले

धार, एजेेंसी। धार में तीन लोगों की जिंदा जलने से मौत हो गई। हादसा फोरलेन हाइवे पर हुआ। दरअसल, घाट उतर रहे एक ट्राले का ब्रेक फेल होने से वह बेकाबू हो गया और दूसरी लेन में पहुंच गया। ट्राले ने एक के बाद एक 5 से 6 वाहनों को टक्कर मार दी। जिसके बाद 4 वाहनों में आग लग गई। हादसा धामनोद थाना क्षेत्र में राऊ खलघाट फोरलेन के गणपति घाट पर सोमवार शाम करीब 7 बजे हुआ। धामनोद की एसडीओपी मोनिका सिंह ने बताया कि तीन लोगों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें एक बाइक सवार दूध वाला है। दूसरा इंदौर का होटल व्यवसायी है। एक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।

एक मृतक की शिनाख्तगी के प्रयास जारी

आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। धामनोद और महेश्वर से पहुंची फायर ब्रिग्रेड ने आग बुझाने की कोशिश की। आग पर काबू पाने में करीब ढाई से तीन घंटे लगे। हादसे के बाद एक लेन को बंद कर दिया गया और दूसरी लेन से ट्रैफिक को निकाला गया। राकेश साहनी इंदौर के होटल व्यवसायी थे। वह कसरावद स्थित अपने रिजॉर्ट से लौट रहे थे। रास्ते में गाड़ी खड़ी कर फोन पर बात कर रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। गाडिय़ों ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इससे उनकी मौत हो गई। राकेश साहनी का ड्राइवर घायल हुआ है।

Related Articles

Back to top button