
सतना जिले के मैहर में 12 साल की बच्ची से गैंगरेप के आरोपियों के घर बुलडोजर से ढहा दिए गए। प्रशासन की टीम ने शनिवार सुबह पहले आरोपी रवि कुमार का मकान ढहाया। इसके बाद टीम आरोपी अतुल कुमार बढोलिया का मकान ढहाने पहुंची तो परिवार की महिलाएं सामने आकर खड़ी हो गईं। हाथ जोड़कर कहने लगीं कि वारदात के वक्त बेटा ड्यूटी पर था। उसे फंसाया जा रहा। पहले मामले में पूरी जांच की जाए, इसके बाद बुलडोजर चलाया जाए। हालांकि, प्रशासन ने मकान ढहा दिया।
शुक्रवार को 12 साल की बच्ची से गैंगरेप किया गया था। आरोपी बच्ची को जंगल में छोड़ गए थे। बच्ची रीवा जिला अस्पताल में भर्ती है। पीड़िता के बयान के बाद आरोपियों की शिनाख्त भी कराई गई थी। दोनों आरोपी अतुल कुमार बढोलिया और रवि कुमार पुलिस की गिरफ्त में हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 10 अगस्त तक जेल भेज दिया गया है।