यश भारत भोपाल।

फर्जी विवाह घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, 5 करोड़ की संपत्ति अटैच
पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के साले शोभित त्रिपाठी पर शिकंजा, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 30 करोड़ से अधिक के फर्जीवाड़े का आरोप
भोपाल,यश भारत। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में कथित फर्जीवाड़े के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने इस मामले में करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। कार्रवाई पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के साले शोभित त्रिपाठी से जुड़े मामले में की गई है। त्रिपाठी सिरोंज जनपद पंचायत में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर पदस्थ रहे हैं। जांच के अनुसार कोविड काल के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 5 923 फर्जी शादियां दर्शाकर सरकारी राशि निकाले जाने का आरोप है। इस पूरे मामले में 30 करोड़ रुपये से अधिक के वित्तीय फर्जीवाड़े की आशंका जताई गई है। आरोप है कि योजना के तहत वास्तविक हितग्राहियों के बजाय कागजों पर विवाह दर्शाकर सरकारी खजाने से राशि निकाली गई। इस कथित घोटाले की जांच के दौरान वित्तीय अनियमितताओं और संपत्तियों से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की गई।
ED की इस कार्रवाई को मामले में बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। करीब 5 करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच किए जाने के बाद अब जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है। मामले में जांच एजेंसी की आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।







