भेल में दिवाली बोनस को लेकर भड़के कर्मचारी, प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन बीएमएस एचएमएस और सीआईटीयू ने द्वार क्रमांक-5 पर किया पुतला दहन, बोनस में बढ़ोतरी की मांग

भेल में दिवाली बोनस को लेकर भड़के कर्मचारी, प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन
बीएमएस एचएमएस और सीआईटीयू ने द्वार क्रमांक-5 पर किया पुतला दहन, बोनस में बढ़ोतरी की मांग
भोपाल, यश भारत। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड भोपाल में दिवाली बोनस को लेकर कर्मचारियों का आक्रोश सामने आया। 28 अक्टूबर को बीएमएस एचएमएस और सीआईटीयू से जुड़ी यूनियनों ने द्वार क्रमांक-5 के सामने स्थित क्रांति स्थल पर प्रदर्शन कर भेल प्रबंधन का पुतला दहन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने बोनस में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं होने पर नाराजगी जताई और अपने अधिकारों के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी यूनियनों का कहना है कि कंपनी के मुनाफे में बढ़ोतरी के बावजूद कर्मचारियों को मिलने वाले दिवाली बोनस में उस अनुपात में वृद्धि नहीं की गई है। कर्मचारियों ने प्रबंधन से बोनस के मुद्दे पर उचित निर्णय लेने और उनके हितों को प्राथमिकता देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान विभिन्न यूनियनों के सदस्यों ने एकजुटता दिखाते हुए अपनी आवाज बुलंद की। उनका कहना है कि कंपनी की प्रगति में कर्मचारियों की मेहनत और योगदान की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उन्हें भी इसका उचित लाभ मिलना चाहिए। बोनस को लेकर हुए इस विरोध प्रदर्शन से भेल परिसर में श्रमिकों की नाराजगी सामने आई। अब कर्मचारियों को प्रबंधन के अगले कदम का इंतजार है।







