यश भारत भोपाल।

हादसों पर कब जागेगी सरकार, ग्वालियर त्रासदी पर जीतू पटवारी के सवाल
एम्स में घायलों से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, मृतकों के परिवारों के लिए मांगा 25 लाख मुआवजा
भोपाल, यश भारत। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को भोपाल स्थित एम्स पहुंचकर ग्वालियर सड़क हादसे में घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों के परिजनों से भी चर्चा कर हादसे की परिस्थितियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। पटवारी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए सरकार से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। ग्वालियर हादसे में 16 लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए पटवारी ने कहा कि इस दर्दनाक घटना ने कई परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दिया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रही ऐसी घटनाएं पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था तथा जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। समय रहते उचित व्यवस्थाएं और सतर्कता बरती जातीं तो कई जानें बचाई जा सकती थीं। पटवारी ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ग्वालियर हादसे में मृतकों के प्रत्येक परिवार को कम से कम 25 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और घायलों के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठाए। पीड़ित परिवारों को केवल आश्वासन देकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।
प्रदेश में लगातार हो रही घटनाओं पर सरकार को घेरा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मध्य प्रदेश में लगातार सामने आ रही दर्दनाक घटनाओं ने आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत बालाघाट हादसा इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतें सागर का शराब कांड ग्वालियर सड़क हादसा और बैतूल में खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहे परिवार के साथ हुई दुर्घटना जैसी घटनाओं पर सरकार को गंभीरता से जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से प्रभावित परिवारों को न्याय बेहतर उपचार और पर्याप्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। हादसों के बाद सहायता राशि की घोषणा करना ही पर्याप्त नहीं है बल्कि ऐसी व्यवस्थाएं विकसित करना भी जरूरी है, जिनसे भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। पटवारी ने सड़क सुरक्षा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि सरकार को हादसों की जांच, दोषियों पर कार्रवाई और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं में सुधार के लिए ठोस कदम उठाने चाहिएं







