माधवनगर में नहीं लगेंगी पटाखा दुकानें, पटाखा लाइसेंस के लिए 250 से ज्यादा आवेदन

कटनी, यशभारत। दीपावली पर्व के ठीक पहले पटाखा लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में पटाखा लाईसेंस लेने के लिए अब तक ढाई सौ से ज्यादा ऑनलाइन आवेदन जमा हुए हैं। अपर कलेक्टर कार्यालय द्वारा इन आवेदनों का सत्यापन करने के बाद इन्हें संबधित अनुविभागीय अधिकारियों के पास भेजा जा रहा है। एसडीएम कार्यालय से ही पटाखा के थोक और फुटकर व्यापारियों को लाईसेंस प्रदान किए जाएंगे। खास बात यह है कि इस बार इमलिया रोड पर माधवनगर मुक्तिधाम के पास पटाखा की फुटकर दुकानें नहीं लगेंगी। पटाखा दुकानों के पास पेट्रोल पंप होने की वजह से प्रशासन द्वारा रोक लगाई गई है। सूत्रों के मुताबिक अभी तक 17 दुकानदारों को इमलिया रोड पर ग्राम धपई के पास दुकान लगाने के लिए लाईसेंस जारी किए गए हैं। उधर दूसरी तरफ माधवनगर के पटाखा व्यापारियों का कहना है कि मानसरोवर कॉलोनी स्थित तालाब के पास पिछले कई सालों से पटाखा की दुकानें लग रही है, इसके बाद भी यहां पेट्रोल पंप की अनुमति दी गई। अब दुकानदारों को ग्राम धपई के पास दुकानें लगाने के लिए लाईसेंस दिया ज ारहा है। जिससे कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर में पटाखा की दुकानें कहां लगेंगी, इसका निर्णय अभी नहीं हो पाया है।







