पेट्रोल कम देने की शिकायत पर बेटी के सामने पिता को पीटा, पुलिस बनी रही मूक दर्शक

जबलपुर यशभारत।गत मंगलवार रात को अमखेरा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के पेट्रोल पंप पर एक युवती द्वारा पेट्रोल भरवाने के बाद विवाद हो गया। युवती ने इसकी जानकारी अपने पिता को दी। खबर पर पहुंचे युवती के पिता ने जब पंप कर्मचारियों को कम पेट्रोल देने की शिकायत की तो पंप के मेनेजर सहित कर्मचारियों ने न केवल विवाद किया अपितु उसके साथ मारपीट भी कर दी।बड़ी बात यह है कि इसकी सूचना युवती के पिता ने पहले ही 112 पर दे दी थी ।इसके बाद भी पुलिस के सामने ही पंप कर्मचारियों ने विवाद करते हुए मारपीट कर दी और पुलिस मूकदर्शक बनी रही।
बताया जाता है कि आधारताल जयप्रकाश नगर निवासी युवती अपनी स्कूटी में पेट्रोल भरावाने पहुंची। जब पंप कर्मी ने उसे छह लीटर से ज्यादा पेट्रोल भरने की बात की तो उसे आश्चर्य हुआ कि टंकी की क्षमता साढ़े पांच लीटर है। जबकि गाड़ी में पेट्रोल पहले से ही था। इसी बात पर विवाद होने के बाद जब इसकी जांच कराने की बात कही तो पंप मेनेजर ने उसका खर्च देने की बात कही।जिस पर युवती के पिता भी तैयार हो गये।इसके बाद पंप कर्मचारियों ने विवाद करते हुए मारपीट कर दी। पिता पुत्री ने थाने में मामला दर्ज करा दिया है।







