यशभारत ब्रेकिंग: तेवर त्रिपुरी सुंदरी मंदिर के सामने भीषण आग, 8 दुकानें जलकर खाक, देखे वीडियो…..

जबलपुर,यशभारत। भेड़ाघाट थाना क्षेत्र के ग्राम तेवर स्थित प्रसिद्ध त्रिपुरी सुंदरी मंदिर के सामने मंगलवार को दुकानों में एक बार फिर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर करीब आठ दुकानें जलकर खाक हो गईं। दुकानों में रखी पूजन सामग्री सहित अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग के कई वाहन मौके के लिए रवाना किए गए और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के सामने लगी इन दुकानों में श्रद्धालुओं के लिए पूजन सामग्री सहित अन्य सामान की बिक्री की जाती थी। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग से दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
अज्ञात लोगों पर आग लगाने की आशंका
घटना के बाद कुछ दुकानदारों ने आशंका जताई कि दुकानों में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाई गई हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पहले भी आग की भेंट चढ़ चुकी हैं दुकानें
गौरतलब है कि त्रिपुरी सुंदरी मंदिर के सामने स्थित दुकानों में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां कई दुकानें आग की भेंट चढ़ चुकी हैं। बार-बार आग लगने की घटनाओं से दुकानदारों में चिंता का माहौल है। अब यह जांच का विषय है कि आग किन परिस्थितियों में लगी और क्या इसके पीछे कोई साजिश है।







