जयस प्रदर्शन: हवलदार को थप्पड़ मारने वाली महिला के खिलाफ FIR दर्ज, सीएम हाउस घेराव के दौरान हुआ था हंगामा

जयस प्रदर्शन: हवलदार को थप्पड़ मारने वाली महिला के खिलाफ FIR दर्ज, सीएम हाउस घेराव के दौरान हुआ था हंगामा
भोपाल,यशभारत। राजधानी के टीटी नगर क्षेत्र में रविवार को जयस (जय आदिवासी युवा शक्ति) कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। आदिवासी छात्रों से अभद्रता के मामले में निलंबित इंस्पेक्टर रतन सिंह पर एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प और विवाद में एक महिला कार्यकर्ता पर ड्यूटी पर तैनात हवलदार बबलू त्रिपाठी को थप्पड़ मारने का आरोप लगा।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद, टीटी नगर पुलिस ने देर रात अज्ञात महिला कार्यकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, प्रदर्शन में शामिल अन्य कार्यकर्ताओं को बॉन्ड भरवाकर छोड़ दिया गया। टीआई रतन सिंह परिहार पर कार्रवाई की मांग को लेकर आदिवासी संगठनों का यह विरोध प्रदर्शन रविवार को चर्चा का विषय बना रहा।







