शासन की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना प्राथमिकता – रामप्रकाश अहिरवार

शासन की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना प्राथमिकता – रामप्रकाश अहिरवार
– यश भारत से खास चर्चा में बोले भोपाल नगर निगम के नवागत कमिश्नर, सभी वार्डों की समस्याओं का होगा आकलन
भोपाल, यश भारत। शासन की योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाना, शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना और नागरिकों की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। नगर निगम का अमला आम लोगों तक पहुंचे और उनकी समस्याओं का समय पर निराकरण हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। यह बात भोपाल नगर निगम के नवागत कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने यश भारत से खास चर्चा के दौरान कही।
राज्य शासन ने हाल ही में आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची जारी की है। इसके तहत भोपाल नगर निगम की जिम्मेदारी संभाल रहीं आईएएस अधिकारी संस्कृति जैन के स्थान पर जबलपुर नगर निगम के कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार को भोपाल नगर निगम का कमिश्नर बनाया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने शहर की व्यवस्थाओं में सुधार और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।
वार्डवार समस्याओं का होगा आकलन
नवागत कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार ने यश भारत से चर्चा के दौरान कहा कि भोपाल नगर निगम के सभी वार्डों में मौजूद समस्याओं का आकलन किया जाएगा। इसके आधार पर कार्ययोजना तैयार कर समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकताएं तय की जाएंगी। प्रयास रहेगा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान न होना पड़े और उनकी शिकायतों का प्रभावी तरीके से निराकरण हो सके। इसके लिए नगर निगम के अमले को लोगों तक पहुंचाने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।
स्वच्छता मिशन और कचरा प्रबंधन पर रहेगा फोकस
कमिश्नर ने कहा कि स्वच्छता मिशन, अमृत योजना और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट जैसी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शहर को स्वच्छ बनाए रखने के साथ कचरे के उचित प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचे और शहर की व्यवस्थाओं में सुधार हो।
लोगों तक पहुंचेगा नगर निगम का अमला
नवागत कमिश्नर ने कहा कि नगर निगम की व्यवस्थाओं का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसके लिए नगर निगम के अमले की पहुंच आम लोगों तक सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। वार्डों में सामने आने वाली समस्याओं को चिह्नित कर उनके निराकरण की दिशा में काम किया जाएगा। साथ ही शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी ध्यान दिया जाएगा, जिससे लोगों को उनका वास्तविक लाभ मिल सके।







