दशहरे पर भोपाल में 18 मैदानों पर रावण दहन और शहरभर में 60 स्थानों पर संचलन – कल दोपहर 2 बजे से शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री

दशहरे पर भोपाल में 18 मैदानों पर रावण दहन और शहरभर में 60 स्थानों पर संचलन – कल दोपहर 2 बजे से शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री
भोपाल, यशभारत। राजधानी में मंगलवार 20 अक्टूबर को मनाए जा रहे विजयादशमी पर्व पर शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदली रहेगी। शहर के 18 प्रमुख मैदानों में होने वाले रावण दहन के भव्य आयोजनों, श्री रामविजय रथ यात्रा और विभिन्न क्षेत्रों में निकलने वाले 50 से 60 पथ संचलनों को लेकर यातायात पुलिस ने चाक-चौबंद ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। पर्व के दौरान आम नागरिकों को जाम से बचाने के लिए प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।
दोपहर 2 बजे से शहर की सीमाओं पर भारी वाहन प्रतिबंधित
पर्व के दौरान सुरक्षा और सुगम यातायात के मद्देनजर दोपहर 2 बजे से शहर के मुख्य प्रवेश मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह नियंत्रित रहेगी। खजूरी बायपास, मुबारकपुर चौराहा, नया बायपास लांबाखेड़ा, चौपड़ाकला बायपास, पटेलनगर, भानपुर, बेस्टप्राइज, करोंद चौराहा, लालघाटी, प्रभात पेट्रोल पंप चौराहा, सुभाष नगर फाटक, जिन्सी चौराहा, हबीबगंज नाका, सूरज नगर और मिसरोद 11 मील से भारी वाहन भोपाल सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। वहीं, शाम 5 बजे के बाद हालात और भीड़ के दबाव को देखते हुए शहर के भीतर भी अलग-अलग इलाकों में मार्ग डायवर्ट किए जाएंगे।
सुबह 8 से दोपहर 2 बजे तक इन इलाकों में संचलन का असर
दशहरा पर्व पर शहर के विभिन्न हिस्सों में करीब 50 से 60 स्थानों पर पथ संचलन निकाले जाएंगे। विशेष तौर पर पुराने शहर के अशोका गार्डन, छोला, शाहजहांनाबाद, कोतवाली, तलैया, बुधवारा, मंगलवारा और हनुमानगंज क्षेत्रों में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक ट्रैफिक खासा प्रभावित रह सकता है। पुलिस ने इन मार्गों से गुजरने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर चलने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी है।
छोला और भेल मैदान के लिए विशेष रूट और पार्किंग व्यवस्था
छोला दशहरा मैदान: भानपुर चौराहे से मैदान की ओर केवल कार्यक्रम में शामिल होने वाले हल्के और दोपहिया वाहनों को ही जाने की अनुमति होगी। नादरा बस स्टैंड और डीआईजी बंगले की ओर जाने वाले वाहन बेस्टप्राइज तिराहा, कृषि उपज मंडी, जेपी नगर तिराहा, डीआईजी बंगला चौराहा या गणेश मंदिर छोला अंडरब्रिज के रास्ते निकल सकेंगे। विदिशा और बैरसिया की ओर से आने वाली बसें शाम 6 बजे के बाद भानपुर या बेस्टप्राइज तिराहे तक ही आ सकेंगी। दर्शकों के लिए वाहन रेलवे गोदाम के पास, टिंबर मार्केट और स्टेडियम के नजदीक पार्क करने की व्यवस्था की गई है।
भेल दशहरा मैदान: यहां रावण दहन के दौरान चेतक ब्रिज, अन्ना नगर, करियर कॉलेज, बीएचईएल गेट नंबर-6, सिक्योरिटी लाइन तिराहा और हेमा स्कूल के आसपास दबाव बढ़ सकता है। एमपी नगर और चेतक ब्रिज से अवधपुरी जाने वाले वाहन अन्ना नगर से दाएं मुड़कर हबीबगंज मस्जिद तिराहे और वहां से गुलाब उद्यान के रास्ते बीएचईएल व अवधपुरी पहुंच सकते हैं।
श्री रामविजय रथ यात्रा का मार्ग
शहर में निकलने वाली श्री रामविजय रथ यात्रा बांके बिहारी मंदिर मारवाड़ी रोड से शुरू होकर चिंतामन चौराहा, यूनानी सफाखाना, सुल्तानिया रोड, चौकी चौक, घोड़ा नक्कास, छोटे भैया चौराहा और नादरा बस स्टैंड होते हुए छोला दशहरा मैदान पहुंचेगी। यात्रा के नादरा बस स्टैंड पहुंचने पर भोपाल टॉकीज चौराहे और अल्पना तिराहे से नादरा की ओर वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।
शहर के इन 18 मैदानों पर रहेगा मुख्य फोकस
राजधानी के बैरागढ़, गांधीनगर, कोहेफिजा, छोला, हाउसिंग बोर्ड, अशोका गार्डन, जंबूरी, अयोध्या नगर, भेल, एमवीएम कॉलेज, विट्ठल मार्केट, लहारपुरा, पांच नंबर बस स्टॉप, ओल्ड कैंपियन, टीटी नगर, कोलार, शाहपुरा और कलियासोत एडवेंचर ग्राउंड पर रावण दहन के बड़े आयोजन होंगे। इन सभी स्थलों के आसपास भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय स्तर पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।







