अष्टमी पर माता का आकर्षक श्रृंगार, मंदिरों में उमड़ी भीड़, अठवाई का भोग, हवन, भंडारे का आयोजन, कल जवारा विसर्जन

कटनी, यशभारत। नवरात्र पर्व की अष्टïमी के अवसर पर आज रविवार को आदिशक्ति जगतजननी मां दुर्गा की विशेष पूजा अर्चना करते हुए अठवाई का भोग लगाया गया। इस अवसर पर घरों के साथ ही शहर के मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मातारानी के दर्शन किए। यहां पूजा अर्चना का सिलसिला अल-सुबह से शुरू होकर दोपहर तक चलता रहा। मंदिरों में आज मां दुर्गा का विशेष श्रृंगार भी किया गया। घरों में कहीं-कहीं कन्या भोजन का भी आयोजन किया गया। कल नवरात्र पर्व की नवमी पर जवारा विसर्जन के साथ ही नवरात्र पर्व का समापन हो जाएगा। शहर के प्रमुख आस्था के केन्द्र जालपा मढिय़ा, जालपा वार्ड स्थित काली मंदिर, आजाद चौक स्थित आदिशक्ति जगत जननी दुर्गा मंदिर, बाबली टोला स्थित मरही माता मंदिर, झंडा बाजार खेरमाई मंदिर, भूमि प्रकट मां शारदा मंदिर बरगवां, घंटाघर स्थित काली मंदिर, विश्राम बाबा वार्ड स्थित मां काली धाम मंदिर, अशोक कालोनी स्थित मां शेरावाली मंदिर, तिलक कालेज रोड स्थित खेरमाई मंदिर, खिरहनी फाटक के पास स्थित भूमि प्रकट मां शारदा मंदिर, समदडिय़ा सिटी स्थित श्री आदिशक्ति दुर्गा मंदिर, तिलक कॉलेज रोड स्थित बलखंडी माता की मढिय़ा, खेरमाई माता मंदिर ओएफके, दख्खिन माता की मढिय़ा खिरहनी फाटक, दुर्गा मंदिर एसीसी, खेरमाई मढिय़ा विवेकानंद वार्ड, कुठला स्थित चंडिका देवी मंदिर, नई बस्ती शहीद द्वार दुर्गा मंदिर, उपनगरीय क्षेत्रों में स्थित देवी मंदिरों में नवरात्र की अष्टïमी पर मां दुर्गा की विशेष पूजा अर्चना की गई। भोर होते ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे थे। माता को जल ढारने के बाद अठवाई का भोग लगाया गया।







