देश

कहीं चांद पर सवार तो कहीं संन्यासिन स्वरूप में दर्शन दे रही मां जगदम्बे, सप्तमी पर उमड़ा जनसैलाब, सतरंगी रोशनी से नहाया कटनी, अष्टमी-नवमी पर और बढ़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

कृषि उपज मंडी में कलकत्ता के कलाकारों की सजावट बनी आकर्षण का केंद्र

कटनी, यशभारत। शारदेय नवरात्र के सप्तमी पर्व पर शहर में विराजीं जगत जननी मां जगदम्बे के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब सड़कों पर उमड़ पड़ा। शाम होते ही शहर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और दुर्गा पंडालों में भक्तों की भीड़ बढ़ने लगी। कहीं मां चंद्रमा पर सवार होकर भक्तों को दर्शन दे रही हैं, तो कहीं संन्यासी स्वरूप में विराजमान हैं। केसीएस शाला में मां महालक्ष्मी के स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया, वहीं कृषि उपज मंडी में माता की शेर पर सवारी का मनोहारी स्वरूप आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कृषि उपज मंडी में कलकत्ता के कलाकारों ने भव्य सजावट की है। यहां तैयार किया गया आकर्षक प्रवेश द्वार और विशाल पंडाल श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इस बार दुर्गा समितियों के बीच पंडालों को नए और अनूठे स्वरूप में सजाने की होड़ भी देखने को मिल रही है।

चौक-चौराहों से बाजारों तक मां के जयकारे

शहर के झंडा बाजार, सराफा बाजार, आजाद चौक, शेर चौक, लक्ष्मी नारायण मंदिर, सुख्खन चौक, कचहरी चौक, साधुराम स्कूल, केसीएस शाला, गर्ग चौराहा, जवाहर चौक, हीरागंज, चांडक चौक, मिशन चौक, गाटरघाट, बस स्टैंड, सुभाष चौक, सिविल लाइन, खिरहनी फाटक और बरगवां सहित उपनगरीय क्षेत्रों माधवनगर, एनकेजे, खिरहनी, आयुध निर्माणी और चाका में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। आजाद चौक से झंडा बाजार तक कदम-कदम पर मां जगदम्बे के स्थापना स्थल सजे हुए हैं। आकर्षक विद्युत सज्जा और रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा मार्ग जगमगा उठा है। लक्ष्मी नारायण मंदिर के आसपास स्थित भवनों पर दोनों ओर लगाई गई विद्युत लड़ियों ने क्षेत्र की सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं। रात के समय रोशनी से जगमगाते बाजारों का नजारा देखते ही बन रहा है।

शाम होते ही सड़कों पर दिखा उत्सवी माहौल

शाम सात बजे के बाद सपरिवार घरों से निकले श्रद्धालु मां भवानी के मनोहारी स्वरूपों को अपलक निहारते रहे। पंडालों में गूंजते भजन, माता के जयकारे और श्रद्धालुओं की चहल-पहल से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया। दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ लोग आकर्षक साज-सज्जा को निहारते हुए आगे बढ़ते रहे।

अष्टमी पर रतजगा, नवमी पर भी उमड़ेगी भीड़

नवरात्र के आठवें दिन अष्टमी पर श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ने की संभावना है। देर रात तक दर्शन-पूजन और रतजगे का सिलसिला चलने की उम्मीद है। नवमी पर भी शहर के प्रमुख दुर्गा पंडालों और मार्गों में भारी भीड़ रहने के आसार हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। हालांकि, तंग रास्तों और संकरी गलियों में वाहनों की आवाजाही के कारण कुछ स्थानों पर परेशानी भी देखने को मिली, लेकिन मां के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई। नवरात्र के उल्लास के बीच पूरा कटनी शहर इन दिनों मां जगदम्बे की भक्ति और आस्था के रंग में रंगा हुआ है।IMG 20261018 WA0017

IMG 20261018 WA0016 IMG 20261018 WA0015 IMG 20261018 WA00111 IMG 20261017 WA1494 IMG 20261017 WA1283 IMG 20261017 WA1410 IMG 20261017 WA1356 IMG 20261017 WA1446 IMG 20261017 WA1450 IMG 20261017 WA1449

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button