भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

एम्स में सुरक्षा घेरे में JMB आतंकी तलहा तालुकदार,भोपाल सेंट्रल जेल से किया गया रैफर

एम्स में सुरक्षा घेरे में JMB आतंकी तलहा तालुकदार,भोपाल सेंट्रल जेल से किया गया रैफर

भोपाल, यशभारत।  मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (JMB) के खतरनाक आतंकी की तबीयत अचानक बिगड़ने का मामला सामने आया है। जेल में खून की कमी  की शिकायत मिलने के बाद आतंकी तलहा तालुकदार को कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है।

पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फिर एम्स रैफर

जेल सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार को अचानक तलहा की तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उसे पहले लालघाटी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ शुरुआती जाँच में उसके शरीर में खून की भारी कमी पाई गई। डॉक्टरों की सलाह पर उसे बुधवार शाम को बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज के लिए एम्स रैफर कर दिया गया।

अस्पताल के चप्पे-चप्पे पर पुलिस का कड़ा पहरा

खतरनाक आतंकी के एम्स में भर्ती होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करते हुए अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

इस संबंध में  एडिशनल डीसीपी  अनिल शर्मा ने जानकारी दी कि तलहा तालुकदार को भोपाल सेंट्रल जेल से इलाज के लिए एम्स लाया गया है। उसकी सुरक्षा में सामान्य जिला पुलिस बल के साथ-साथ विशेष बल के जवानों को भी तैनात किया गया है। पुलिस हर संदिग्ध गतिविधि और स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है।

NIA कर चुकी है चार्जशीट पेश

मूल रूप से बांग्लादेश निवासी तलहा तालुकदार फारूक को सुरक्षा एजेंसियों ने उत्तर प्रदेश के देवबंद से गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह वहाँ दारुल उलूम के छात्र के रूप में रहकर फर्जी पहचान पत्र बनवाने और JMB के आतंकी नेटवर्क को देश में फैलाने की गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल था। इस मामले की गहराई से जाँच राष्ट्रीय जाँच एजेंसी द्वारा की गई है। एजेंसी ने भोपाल की विशेष अदालत में तलहा तालुकदार के अलावा JMB से जुड़े अन्य आरोपियों हामिदुल्ला और शहादत हुसैन के खिलाफ चार्जशीट और पूरक चालान भी पेश किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button