भव्य शोभायात्रा से बरसी मेले का आगाज, हरे माधव की जयघोषों से गंूजा माधववनगर, देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालु

कटनी, यशभारत। बाबा माधवशाह, बाबा नारायणशाह की पावन स्मृति में आयोजित दो दिवसीय बरसी महोत्सव का आज 9 अक्टूबर को आगाज हो गया। मेले में कटनी ही नहीं बल्कि पूरे देश में हजारों की तादात में आए श्रद्धालुओं ने हरे माधव दरबार पहुंचकर मत्था टेका। इसके पहले आयोजन के पहले दिन आज 9 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सतगुरु साहिबान के करकमलों से बर्सी पर्व का शुभारंभ हुआ। इसके बाद हरे माधव शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धा सुमन बिखेरती हुई विशाल शोभायात्रा हरेमाधव सत्संग प्रांगण पहुंची, जहां विशाल पंडाल में सतगुरु साहिब को विराजमान कर सत्संग, भजन व कीर्तन की अमृतवर्षा की गई। शोभायात्रा हरे माधव दरबार से शुरू होकर मुख्य मार्गों से होती हुई बाबा माधवशाह चिकित्सालय के सामने हरे माधव दरबार सत्संग स्थल पहुंचकर समाप्त हुई। शोभायात्रा में आकर्षक प्रस्तुतिओं ने मन मोह लिया। शोभायात्रा के सुसज्जित पंडाल में पहुंचने के बाद सारा आलम हरे माधव के जयकारों से गंूज उठा। आयोजकों के अनुसार पर्व का उद्देश्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक विचारों और सतगुरु की शिक्षाओं से जोडऩा है। इसी कड़ी में शाम 6 बजे से हरे माधव शब्द कीर्तन एवं हरे माधव रूहानी एकांकी का आयोजन होगा। इसके पश्चात हरे माधव रूहानी बाल संस्कार की ओर से प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
विशेष चलचित्र का प्रदर्शन कल
10 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से हरे माधव सत्संग स्थल माधवनगर में जीवनमुक्त हरे माधव सतगुरु जी की विराट लीलाओं पर आधारित विशेष चलचित्र का प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रस्तुति नित्य हरे माधव प्रोडक्शन द्वारा तैयार की गई है। कार्यक्रम में जीवनमुक्त सतगुरु साहिबान के पावन अमृत वचन भी होंगे। इसके बाद हरे माधव ब्रह्मभोज के अंतर्गत विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।
शिविर में हजारों ने लिया स्वास्थ्य लाभ
धार्मिक आयोजनों के साथ बाबा माधवशाह चिकित्सालय माधवनगर में 9 और 10 अक्टूबर को नि:शुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। दिल्ली, मुंबई, नागपुर, पुणे, इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर और कटनी के 20़ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा ओपीडी परामर्श दिया गया। शिविर में न्यूरोलॉजी, कैंसर, ट्यूमर रोग, गैस्ट्रोलॉजी, आंख रोग, हड्डी रोग, स्त्री रोग, हृदय रोग, मधुमेह रोग, जनरल मेडिसिन, कान, नाक, गला रोग, फिजियोथेरेपी, होम्योपैथी, दंत रोग की जांच की गई। शिविर का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है।
तीन ट्रेनों का माधवनगर में स्टापेज
माधवनगर में आयोजित वर्सी मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने माधवनगर स्टेशन पर तीन जोड़ी ट्रेनों को दो दिनों के लिए अस्थाई ठहराव देने का निर्णय लिया है। रेलवे के इस फैसले से मेले में आने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। माधवनगर स्टेशन पर गाड़ी संख्या 11273/11274 इटारसी-प्रयागराज छिवकी एक्सप्रेस, गाड़ी संख्या 11271/11272 इटारसी-भोपाल विंध्याचल एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 11265/11266 जबलपुर अम्बिकापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 9 एवं 10 अक्टूबर को माधवनगर स्टेशन पर एक मिनट रुकेंगी।







