तमिल संगम एक्सप्रेस में चाकू की नोक पर यात्रियों से लूट एवं चोरी का पर्दाफाश, 9 संदिग्धआरोपी हिरासत में

कटनी, यशभारत। काशी तमिल संगम एक्सप्रेस में यात्रियों से चाकू की नोक पर लूट एवं चोरी की गंभीर वारदात के संबंध में जीआरपी थाना कटनी में अपराध क्रमांक 1364/2026, धारा 61(1), 109(1), 310(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
घटना में अज्ञात आरोपियों द्वारा ट्रेन के कटनी रेलवे स्टेशन के समीप पहुंचने के दौरान यात्रियों को चाकू दिखाकर भयभीत किया गया तथा सोने की चेन, अंगूठी, नगदी एवं मोबाइल फोन सहित लगभग 86 हजार रुपये कीमत की संपत्ति चोरी/लूट कर आरोपी ट्रेन से उतरकर फरार हो गए थे।
संयुक्त टीम ने की प्रभावी कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटनी कमल मौर्य, ASC कटनी अशोक कुमार के नेतृत्व में आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई। टीम क्रमांक 1 का नेतृत्व थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय,
टीम क्रमांक 2 का नेतृत्व थाना प्रभारी कुठला अखिलेश दाहिया, टीम क्रमांक 3 का नेतृत्व RPF पोस्ट कटनी प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह एवं जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मेरावी, टीम क्रमांक 4 का नेतृत्व: थाना एनकेजे रूपेन्द्र राजपूत एवं थाना प्रभारी रंगनाथ नगर सिद्धार्थ राय एवं थानों के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा जीआरपी एवं आरपीएफ के लगभग 50 अधिकारी कर्मचारियों की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई की गई। टीम द्वारा खिरहनी फाटक, आधार कार्ड भट्ठा मोहल्ला सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों वाले क्षेत्रों में दबिश देकर 9 संदिग्ध आरोपियों समीर रूपेंद्र पिता राजेश जाटव, निवासी खिरहनी फाटक, उम्र 21 वर्ष, अनुराग निषाद पिता शिलोम निषाद, निवासी खिरहनी फाटक, उम्र 21 वर्ष, जय निषाद पिता रमेश निषाद, निवासी खिरहनी फाटक, उम्र 24 वर्ष, अतुल निषाद पिता महेश निषाद, निवासी खिरहनी फाटक, उम्र 25 वर्ष, शिवा निषाद पिता सुनील निषाद, निवासी खिरहनी फाटक, उम्र 20 वर्ष, दीपक निषाद पिता सतीश निषाद, निवासी खिरहनी फाटक, उम्र 22 वर्ष, करण निषाद पिता मुन्नी लाल निषाद, निवासी खिरहनी फाटक, उम्र 24 वर्ष, अरुण निषाद पिता परदेशी निषाद, निवासी खिरहनी फाटक, उम्र 20 वर्ष एवं विकास निषाद पिता दिनेश निषाद, निवासी खिरहनी फाटक, उम्र 25 वर्ष को पूछताछ हेतु हिरासत में लिया गया।
तमिल संगम एक्सप्रेस की घटना में संलिप्तता स्वीकार
पूछताछ के दौरान आरोपियों से 28 सितम्बर को ट्रेन क्रमांक 16368 काशी तमिल संगम एक्सप्रेस में हुई लूट/चोरी की घटना के साथ-साथ 21.07.2026 को ट्रेन क्रमांक 18448 एवं 28.07.2026 को स्पेशल ट्रेन क्रमांक 03252 में हुई घटनाओं तथा रेलवे क्षेत्र में घटित अन्य अपराधों के संबंध में भी पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा ट्रेन क्रमांक 16368 की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी ICJS के माध्यम से संकलित की जा रही है तथा संबंधित आरोपियों की हिस्ट्रीशीट तैयार करने की कार्रवाई की जा रही है।
30 अन्य अपराधियों की मिली महत्वपूर्ण जानकारी
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा रेलवे क्षेत्र में आपराधिक वारदातों में संलिप्त लगभग 30 अन्य अपराधियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराई गई है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी एवं उनकी भूमिका के संबंध में पुलिस टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।







