रिटायर्ड आईएएस हत्याकांड: हत्यारे केयरटेकर पर 50 हजार का इनाम, दिल्ली-पंजाब तक 15 टीमें दे रहीं दबिश

रिटायर्ड आईएएस हत्याकांड: हत्यारे केयरटेकर पर 50 हजार का इनाम, दिल्ली-पंजाब तक 15 टीमें दे रहीं दबिश
भोपाल, यशभारत। राजधानी के रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित सूरजनगर में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी केयरटेकर वरुण कुमार पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। वारदात के बाद से फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस ने मध्य प्रदेश समेत पांच राज्यों में जाल बिछाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की 11 और भोपाल जोन-एक की 4 टीमों समेत कुल 15 विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश में आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। वहीं, पुलिस का तकनीकी सेल आरोपी के डिजिटल फुटप्रिंट और पुराने मोबाइल नंबरों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रैक करने में जुटा है।
परिजनों से पूछताछ, आगरा-मथुरा रूट पर मिली आखिरी लोकेशन
पुलिस के अनुसार आरोपी की सही लोकेशन ट्रेस करना फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। सुराग जुटाने के लिए पटियाला और आगरा में रहने वाली आरोपी की दो बहनों के साथ-साथ ग्वालियर स्थित उसके पिता और सौतेली मां से भी कड़ी पूछताछ की जा रही है। जांच में आरोपी की आखिरी लोकेशन आगरा-मथुरा रूट पर पाई गई है, जिसके बाद दिल्ली और पंजाब की ओर जाने वाली ट्रेनों व रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
दो दिन पहले ही काम पर रखा गया था केयरटेकर
उल्लेखनीय है कि 30 सितंबर को रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल की उनके सूरजनगर स्थित आवास पर गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से ही घटना से महज दो दिन पहले नौकरी पर रखा गया केयरटेकर वरुण कुमार रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब है। पुलिस को शुरुआती जांच से ही उसी पर हत्या का संदेह है।







