चेहरे से दर्ज होगी सरकारी दफ्तर में हाजिरी, कैमरों से होगी निगरानी मंत्रालय के बाद सतपुड़ा विंध्याचल भवन में भी लागू होगी व्यवस्था, 20 मीटर दूर से पहचान सकेगा सिस्टम

चेहरे से दर्ज होगी सरकारी दफ्तर में हाजिरी, कैमरों से होगी निगरानी
मंत्रालय के बाद सतपुड़ा विंध्याचल भवन में भी लागू होगी व्यवस्था, 20 मीटर दूर से पहचान सकेगा सिस्टम
भोपाल यश भारत। सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने का तरीका अब डिजिटल होने जा रहा है। मंत्रालय में फेसलेस अटेंडेंस सिस्टम का ट्रायल शुरू कर दिया गया है। शुरुआती चरण में एनेक्सी 2 स्थित राजस्व विभाग में दो कैमरे लगाए गए हैं। कैमरे के सामने से गुजरते ही संबंधित कर्मचारी की उपस्थिति और आने-जाने का समय सिस्टम में दर्ज हो जाएगा। ट्रायल सफल रहने पर 1 नवंबर से मंत्रालय के प्रमुख प्रवेश द्वारों पर एआई आधारित कैमरे लगाए जाने की तैयारी है। इसके बाद सतपुड़ा और विंध्याचल भवन में भी यही व्यवस्था लागू की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार कैमरे करीब 20 मीटर की दूरी से भी चेहरे की पहचान कर समय रिकॉर्ड करने में सक्षम होंगे। नई व्यवस्था में कर्मचारी दिनभर में जितनी बार निर्धारित कैमरे के सामने से गुजरेंगे उनके आने जाने का रिकॉर्ड तैयार होगा। महीने के अंत में इसी डेटा से उपस्थिति का लेखा जोखा तैयार किया जाएगा। देरी से पहुंचने या निर्धारित समय से पहले कार्यालय छोड़ने की स्थिति में रिकॉर्ड अलग से चिन्हित किया जा सकेगा।
हालांकि अधिकारियों पर यह व्यवस्था किस तरह लागू होगी इसे लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। एक से अधिक विभागों का प्रभार संभालने वाले अधिकारियों और देर शाम तक काम करने वाले कर्मचारियों के लिए भी नियम तय किए जाना बाकी हैं। फेसलेस हाजिरी की तकनीकी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम के माध्यम से निजी कंपनी को दी गई है। कर्मचारियों के डेटा को सिस्टम से जोड़ा जा रहा है।






