बसों की कमी को लेकर छात्रों का हंगामा, एक बस में 80 90 बच्चों को बैठाने का आरोप, परिवहन व्यवस्था सुधारने की मांग

बसों की कमी को लेकर छात्रों का हंगामा
एक बस में 80 90 बच्चों को बैठाने का आरोप, परिवहन व्यवस्था सुधारने की मांग
यश भारत भोपाल । बैरसिया स्थित सीएम राइज स्कूल में परिवहन व्यवस्था को लेकर बुधवार को छात्रों का आक्रोश सामने आया। बसों की कमी और क्षमता से अधिक बच्चों को बसों में बैठाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में छात्रों ने स्कूल के सामने चक्का जाम कर दिया। छात्रों ने बसों की संख्या बढ़ाने और परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की। छात्रों का आरोप है कि एक बस में करीब 80 से 90 बच्चों को बैठाकर सफर कराया जा रहा है। इससे उन्हें सफर के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि क्षमता से अधिक बच्चों के परिवहन से असुविधा के साथ सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।
चक्का जाम की सूचना मिलने के बाद अधिकारी और स्कूल प्रबंधन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों एवं स्कूल प्रबंधन ने छात्रों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और परिवहन व्यवस्था में सुधार का आश्वासन देते हुए समाधान का प्रयास किया। छात्रों ने बसों की संख्या बढ़ाने और व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने की मांग दोहराई ।







