निलंबित टीआई ने विवादित वीडियो हटाया

निलंबित टीआई ने विवादित वीडियो हटाया
– आचरण नियमों के तहत कार्रवाई की संभावना
यश भारत, भोपाल। जहांगीराबाद थाने के निलंबित थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार ने सोशल मीडिया से अपना विवादित वीडियो हटा दिया है। यह वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पोस्ट किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई थी। सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों की नाराजगी के बाद वीडियो को सोशल मीडिया से हटाया गया।
वीडियो में राजन अहिरवार ने एक महिला पुलिस अधिकारी पर प्रताड़ित करने सहित कई आरोप लगाए थे। उन्होंने अपने निलंबन को लेकर भी सफाई दी थी। उनका कहना था कि उन्हें किसी गलत काम के लिए निलंबित नहीं किया गया है और न ही उनके खिलाफ किसी आपराधिक मामले में कार्रवाई हुई है।
सोशल मीडिया नीति के तहत जांच संभव
वीडियो हटाए जाने के बाद अब विभाग निलंबन अवधि में सोशल मीडिया पर सार्वजनिक बयान देने को लेकर भी जांच कर सकता है। पुलिस की सोशल मीडिया संबंधी नीति और आचरण नियमों के तहत यह देखा जा सकता है कि निलंबित अधिकारी का इस तरह सार्वजनिक रूप से बयान जारी करना नियमों का उल्लंघन है या नहीं। हालांकि, मामले में आगे किस तरह की कार्रवाई की जाएगी, इसे लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।







