भोपाल, यशभारत

एम्स से लापता छात्रा का चार दिन बाद भी नही लगा सुराग
भोपाल, यशभारत। राजधानी के अति-सुरक्षित माने जाने वाले एम्स परिसर के बाहर से 19 वर्षीय छात्रा रिषिका मन्ना रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। 16 सितंबर की शाम से गायब छात्रा का चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जाते वक्त रिषिका अपना मोबाइल और पर्स भी रिश्तेदार के पास छोड़ गई थी, जिससे न तो उसकी लोकेशन ट्रैक हो पा रही है और न ही उससे संपर्क हो पा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, रिषिका अपने परिवार के साथ एम्स अस्पताल में एडमिशन से जुड़ी प्रक्रिया समझने आई थी। इसी दौरान परिसर में ही पढ़ाई और आगे की योजना को लेकर मां और रिषिका के बीच कहासुनी हो गई। बहस से व्यथित होकर रिषिका यह कहकर बाहर निकली कि वह थोड़ा टहलकर आती है। काफी देर तक जब वह नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
परिजनों ने एम्स परिसर, आसपास के इलाकों सहित रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी रिषिका की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। किसी अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने बागसेवनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और एम्स के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किस दिशा में गई थी।







