जबलपुरमध्य प्रदेश

शहपुरा आरओबी के पुनर्निर्माण की राह खुली, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा की मांग पर गडकरी ने दिया भरोसा

गडकरी के त्वरित एक्शन पर तन्खा ने की तारीफ

जबलपुर,यश भारत। भोपाल-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहपुरा आरओबी की क्षतिग्रस्त एप्रोच के पुनर्निर्माण को लेकर राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर 54.97 करोड़ रुपए की स्वीकृति देने का अनुरोध किया है। एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त होने से भारी यातायात को पाटन और हल्के वाहनों को शहपुरा शहर के अंदर से निकाला जा रहा है। तन्खा ने पत्र में बताया कि जबलपुर से हिरन नदी तक 55.60 किलोमीटर लंबे मार्ग में शहपुरा आरओबी की दायीं एप्रोच 9 सितंबर 2025 और बायीं एप्रोच 22 फरवरी 2026 को क्षतिग्रस्त हुई थी। इसके कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित है और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

एप्रोच क्षतिग्रस्त होने के कारणों की सीआरआरआई नई दिल्ली से कराई गई जांच में मिट्टी की कम वहन क्षमता, गुणवत्ताहीन सामग्री के उपयोग और पर्याप्त ड्रेनेज सिस्टम के अभाव को प्रमुख कारण बताया गया है। सीआरआरआई और ब्रिज डिजाइनर की रिपोर्ट के आधार पर सात मीटर से अधिक ऊंची एप्रोच में वायाडक्ट स्ट्रक्चर बनाने की अनुशंसा की गई है। तन्खा के अनुसार एमपीआरडीसी द्वारा ठेकेदार की रिस्क एंड कॉस्ट पर निविदा आमंत्रित कर खोली जा चुकी है। अब कार्य के लिए सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से 54.97 करोड़ रुपए की स्वीकृति अपेक्षित है। उन्होंने गडकरी से जनहित में शीघ्र स्वीकृति और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया है।

पत्र मिलते ही पांच मिनट में आया गडकरी का फोन

तन्खा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उनका पत्र मिलने के करीब पांच मिनट बाद ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का फोन आया। तन्खा के अनुसार गडकरी ने जबलपुर-भोपाल मार्ग पर ब्रिज की समस्या के कारण हजारों यात्रियों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही और असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया।

‘नितिन जी जैसे सज्जन स्वभाव के मंत्री अब गिनती के हैं’

इस प्रतिक्रिया के साथ विवेक तन्खा ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की कार्यशैली की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि ‘नितिन जी जैसे सज्जन स्वभाव के मंत्री अब गिनती के हैं।’ तन्खा की इस टिप्पणी को उन्होंने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में गडकरी के त्वरित फोन और समस्या पर तत्काल कार्रवाई के आश्वासन के संदर्भ में लिखा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button