
जबलपुर, यश भारत। पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश भोपाल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ 44 रक्षित निरीक्षकों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। पुलिस स्थापना बोर्ड से अनुमोदन के बाद जारी आदेश में अधिकारियों को वर्तमान पदस्थापना से स्थानांतरित कर नई इकाई में पदस्थ किया गया है। आदेश पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के हस्ताक्षर से जारी हुआ है।
जबलपुर से जुड़े तबादलों में राहुल सिंह ठाकुर, जो वर्तमान में जिला जबलपुर में पदस्थ थे, उन्हें यातायात जिला जबलपुर भेजा गया है। वहीं रौशनी केसवानी, जो जिला जबलपुर में पदस्थ थीं, उनका तबादला यातायात जिला सिंगरौली किया गया है। इसके अलावा सोनम उईके का जिला कटनी से यातायात जिला जबलपुर में स्थानांतरण किया गया है। रूमा टेकाम/सिरसाम को भी जिला जबलपुर से यातायात जिला जबलपुर पदस्थ किया गया है। आदेश में प्रदेश के अन्य जिलों के रक्षित निरीक्षकों को भी यातायात शाखा सहित विभिन्न जिलों में नई पदस्थापना दी गई है। इनमें धार, नरसिंहपुर, देवास, भोपाल, रायसेन, सिवनी, इंदौर, हरदा, मंडला, नीमच, छतरपुर, सीहोर, सतना, विदिशा, पांढुर्णा, शाजापुर सहित कई जिले शामिल हैं।







