भोपालमध्य प्रदेश

शराब के नशे में कलह: बेटे ने कुल्हाड़ी मारकर की पिता की हत्या

शराब के नशे में कलह: बेटे ने कुल्हाड़ी मारकर की पिता की हत्या

भोपाल, यशभारत। राजधानी के सुखीसेवनिया थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह और नशे की लत ने एक भयानक वारदात को अंजाम दिया है। मामूली बात पर हुए विवाद के दौरान नशे में धुत बेटे ने अपने ही पिता पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

ताने और खाने को लेकर हुआ विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक फूल सिंह (50) और उनका बेटा धर्मेंद्र नाथ दोनों करीब छह महीने पहले ही अवैध शिकार के एक मामले में जेल से छूटकर बाहर आए थे। जेल से आने के बाद धर्मेंद्र कोई काम-धंधा नहीं करता था। पिता फूल सिंह अक्सर उसे बेरोजगार रहने को लेकर ताने दिया करते थे, जिससे घर में रोज झगड़ा होता था।

घटना वाले दिन धर्मेंद्र अत्यधिक शराब के नशे में घर लौटा। पिता ने उसकी आदतों से नाराज होकर पत्नी गुड्डी बाई से धर्मेंद्र को खाना न देने के लिए कहा। जैसे ही आरोपी को पता चला कि उसे खाना नहीं मिलेगा, वह आपा खो बैठा। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ी कि धर्मेंद्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पिता पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अत्यधिक खून बहने के कारण फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही सुखीसेवनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी धर्मेंद्र नाथ को हिरासत में ले लिया गया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button